‘2027 में दीदी से भी बुरी गत होगी आपकी’, मंत्री ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज
सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी प्रदेश की घटनाओं को जातीय रंग देकर समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करती है. उन्होंने कई चर्चित मामलों का हवाला देते हुए सपा पर तथ्यों से पहले राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी का स्तर लगातार तल्ख होता जा रहा है. अब सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी पोस्ट लिखकर न सिर्फ अखिलेश यादव बल्कि सपा के सोशल मीडिया नेटवर्क और PDA राजनीति पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि सपा, प्रदेश में हर घटना को जातीय रंग देकर समाज को बांटने का काम कर रही है. उन्होंने कई चर्चित मामलों का हवाला देते हुए सपा पर फर्जी नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया. X पर राजभर ने सीधे अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि हर चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को सबक सिखा रही है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी अपनी राजनीति नहीं बदल रही.
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और उससे जुड़े लोग प्रदेश में होने वाली लगभग हर घटना को जातीय संघर्ष बताकर समाज को बांटने का प्रयास करते हैं. राजभर के मुताबिक, निजी विवाद, जमीन के झगड़े, पारिवारिक रंजिश या आपसी संघर्ष के मामलों को भी सपा का सोशल मीडिया तंत्र दलित बनाम सवर्ण, ठाकुर बनाम यादव या PDA बनाम अन्य समाज के रूप में पेश करता है.
अपने आरोपों को मजबूत करने के लिए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कई चर्चित घटनाओं का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि बस्ती में आत्महत्या के एक मामले को दलित उत्पीड़न बताया गया, जबकि दोनों पक्ष एक ही दलित समुदाय से जुड़े थे… बुलंदशहर के मुकेश खटीक हत्याकांड को सवर्ण-दलित संघर्ष बताया गया, जबकि आरोपी भी उसी समुदाय का निकला… इसी तरह के कई मामलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने तथ्यों से पहले राजनीति को प्राथमिकता दी.
ओपी राजभर ने कहा, ‘अखिलेश यादव जी बंद करो ये दोहरा चरित्र… नहीं तो 2027 में दीदी से भी बुरी गत होगी आपकी.. हारना तो तय है ही आपका, पार्टी भी इतने फाड़ होगी कि बटोरते नहीं बनेगा… वोट के लिए समाज को खून से रंग देने का गंदा खेल बंद कर दो भाई… जब आपके दो कौड़ी के लोडर गैर यादव पिछड़ा और दलित का गला घोंटते हैं तो कइसे न मुंह में दही जम जाता है और जब वोट चाहिए तो लगते हो पीडीए-पीडीए के नामपर झुट्ठे छाती पीटने.’
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने फिर कहा, ‘पूरा प्रदेश जान चुका है कि आपके पीडीए का मतलब है ‘पीट देगा अहिर’ और ‘पीट देगा (आपक वाला) अल्पसंख्यक’… सच्चा वाला पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक समाज आपका गिरगिट वाला रंग-रूप पहचान चुका है… एक-एक झूठ, एक-एक फर्जी नैरेटिव, एक-एक एआई वीडियो का इसबार पूरा हिसाब लिया जाएगा.
