मां ने तकिए से दबाया मुंह, पिता ने घोंटा गला; इतनी सी बात पर हैवानों ने बेटी को दे दी खौफनाक मौत
मेरठ में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां माता-पिता ने अपनी बेटी खुशबू की गला घोंटकर हत्या कर दी. उसका "गुनाह" सिर्फ लड़कों से बात करना था. हत्या से पहले खुशबू ने अपने मामा को फोन पर अपनी जान का खतरा बताया था. पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक एक माता-पिता ने अपनी ही बेटी की गला घोंट कर हत्या कर दी है. इस बेटी की गलती इतनी भर है कि वह लड़कों से भी बात कर लेती थी. वारदात से पहले इस बेटी ने अपने मामा को फोन पर अपनी हत्या की आशंका जताई थी. मामा ने यही कॉल रिकार्डिंग एसएसपी को दिया. इसके बाद एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मां-बाप को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के गोकुलधाम कॉलोनी का है. पुलिस के मुताबिक इस कॉलोनी में रहने वाले कपिल की दो शादी है. पहली पत्नी से कपिल को बेटी खुशबू हुई थी. हालांकि कुछ ही दिन बाद पहली पत्नी की मौत हो गई तो कपिल ने पिंकी नामक महिला से दूसरी शादी कर ली. आरोप है कि दूसरी पत्नी ने घर में कदम रखने के साथ ही कपिल की पहली पत्नी से पैदा हुई बेटी खुशबू का उत्पीड़न शुरू कर दिया था. वहीं अब उसने कपिल के साथ मिलकर उसकी हत्या ही कर दी है.
ऐसे हुआ खुलासा
खुशबू के ननिहाल वालों ने उसे फोन किया, जब काफी प्रयास के बाद भी बात नहीं हो सकी तो किसी को भेजकर पता कराया. इसमें पता चला कि उसकी तो मौत हो गई है. जिसके बाद ननिहाल वाले उसके घर पहुंचे और फिर पुलिस में शिकायत दी.खुशबू के मामा ने पुलिस को एक कॉल रिकार्डिंग भी दी, जिसमें खुशबू ने उन्हें फोनकर खुद की हत्या की आशंका जताई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर खुशबू के पिता और सौतेली मां को अरेस्ट कर लिया है.
आरोपियों ने मिटाया सबूत
खुशबू के मामा भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि भांजी से बात नहीं हो पा रही थी तो वह लोग यहां पहुंचे. यहां पर खुशबू की दादी, सौतेली मां और चाची मिली. इन लोगों ने बताया कि खुशबू के पेट में दर्द की वजह से मौत हो गई. इसलिए परिवार के लोग उसके अंतिम संस्कार के लिए गए हैं. इसके बाद परिवार के लोग व्रजघाट पहुंचे तो पता चला कि आरोपियों ने खुशबू का अंतिम संस्कार कर दिया है.
एक्शन में पुलिस
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी पिता और सौतेली मां को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को कबूल लिया है. बताया कि खुशबू लड़कों से बात करती थी. इसलिए उसकी हत्या कर दी है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है.