महंगे शौक ने बनाया अपराधी, नोएडा में तेजी से बढ़े चेन स्नैचर; 2 साल में 217 अरेस्ट
नोएडा के युवा लग्जरी लाइफ और महंगे शौक के चक्कर में अपराध के दलदल में धंसते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने ऐसे 217 युवाओं को इसी तरह के मामलों में अरेस्ट कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. इन युवाओं से पूछताछ में अपराध के इस ट्रेंड का खुलासा हुआ है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा के युवा लग्जरी लाइफ और महंगे शौक के चक्कर में अपराध के दलदल में धंसते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने ऐसे 217 युवाओं को इसी तरह के मामलों में अरेस्ट कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. इन युवाओं से पूछताछ में अपराध के इस ट्रेंड का खुलासा हुआ है. इन नवोदित अपराधियों ने बताया है कि हाथ में महंगा मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े, लग्जरी बाइक और हाई-फाई लाइफस्टाइल की चाहत में वह अपराध के दलदल में धंसते चले गए.
कम उम्र में बिना मेहनत के ज्यादा पैसे कमाने और दोस्तों के बीच रुतबा दिखाने के चक्कर में 18 से 20 साल के ये युवा अपना भविष्य दाव पर लगा रहे हैं. गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने दो साल के आंकड़ों में दावा किया है कि 217 युवाओं को जेल भेजा गया है. इनमें बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं, जिन्होंने अपनी जरूरत और महंगे शौक की वजह से अपराध में आए. वहीं कई युवा लग्जरी लाइफ, महंगी बाइक, मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े और मौज मस्ती के लिए चोरी व स्नैचिंग जैसी वारदात करने लगे.
सबसे ज्यादा चोरी के मामले
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के आंकड़ों के मुताबिक अब तक पकड़े गए 217 युवाओं में सबसे ज्यादा चोरी के मामले में पकड़े गए हैं. पुलिस ने चोरी के मामलों में 142 से ज्यादा युवाओं को गिरफ्तार किया है. वहीं चेन स्नेचिंग के मामलों में 48 और गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में भी युवाओं की अरेस्टिंग हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कमाई का जरिया ना होने और शौक पूरा करने के लिए इन वारदातों को अंजाम दिया है.
अब सलाखों के पीछे कट रही जिंदगी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक छोटी उम्र में अपराध की शुरुआत करने वाले इन युवाओं के पूरे भविष्य पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है. कुछ समय की मौज मस्ती और दिखावे के लिए उठाया गया इनका गलत कदम अब ना केवल उन्हें, बल्कि उनके परिवार वालों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. नोएडा के जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने अभिभावकों से अपील करते हो कहा कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें. वह नजर रखें कि उनका बच्चा किसके साथ उठ-बैठ रहा है.
