बड़ी राहत! नोएडा-ग्रेटर नोएडा लिंक रोड अब एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा, 16 किलोमीटर का नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर
नोएडा के सेक्टर 146 और 147 से ग्रेटर नोएडा के लोग चौक की ओर जाने वाली लिंक रोड को सीधे एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करने की तैयारी की जा रही है. ऐसा होने से लोगों को 16 किलोमीटर की लंबी दूरी का रास्ता नहीं तय करना पड़ेगा. इससे तकरीबन 5 लाख लोगों को राहत मिलेगी.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा लिंक रोड को एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा. इसकी कनेक्टिविटी के शुरू होने के बाद वाहन चालकों को करीब 16 किलोमीटर तक का अतिरिक्त सफर नहीं करना पड़ेगा और समय के साथ ईंधन की भी बचत होगी.
अधिकारियों के मुताबिक नोएडा के सेक्टर 146 और 147 से ग्रेटर नोएडा के लोग चौक की ओर जाने वाली लिंक रोड को सीधे एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए सेक्टर 146 में बन रहे अंडरपास के जरिए वाहनों को एक्सप्रेसवे पर सीधी एंट्री मिलेगी. इससे रोजाना आने-जाने वाले करीब 5 लाख लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
45 मीटर रोड पर करते ही सीधे एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे वाहन
जानकारी के अनुसार अभी दिल्ली और नोएडा एक्सप्रेसवे से ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में जाने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन लिंक रोड से 45 मीटर रोड पार करके अंडर पास के जरिए एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे. इससे परी चौक,एलजी चौक,कलेक्ट्रेट सूरजपुर सेक्टर गामा, बीटा,उद्योग विहार गाजियाबाद की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी.
99 करोड़ रुपये में तैयार होगा इंटर पास
नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर करीब 16.9 किलोमीटर चैनज पर सेक्टर 145,146,155 और 159 को जोड़ने के लिए अंडर पास बनाया जा रहा है. करीब 800 मीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर लगभग 99.74 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं.अधिकारियों के अनुसार अंडरपास का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है. जुलाई तक इस वाहनों के लिए शुरू करने की तैयारी है. शुरुआत में सड़क को जोड़ने और ट्रैफिक संचालन को बेहतर करने के लिए जरूरी बदलाव किए जाएंगे. अंडरपास का निर्माण बॉक्स पुशिंग तकनीक से किया जा रहा है जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात को ज्यादा प्रभावित किए बिना निर्माण पूरा किया जा सकेगा.
