बीवी को एग्जाम दिलाने लाया था शख्स, तभी साले ने मार दी गोली; 4 महीने पहले किया था लव मैरिज

सहारनपुर में अपनी बीवी को पुलिस भर्ती का एग्जाम दिलाने आए एक युवक को गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. उधर, मृतक की बीवी ने ऑनर किलिंग का आरोप लगाते हुए अपने सगे भाई के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां अपनी बीवी को पुलिस भर्ती का एग्जाम दिलाने आए एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई. दिन दहाड़े हुई इस वारदात से एग्जाम सेंटर के बाहर हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है. मृतक की बीवी ने ऑनर किलिंग का आरोप लगाते हुए अपने सगे भाई के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है.

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक शामली के थाना बाबरी क्षेत्र में रहने वाला शिव कुमार (24) पुत्र शैलेश कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती का एग्जाम दिलाने के लिए यहां थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र स्थित गोचर इंटर कॉलेज पहुंचा था. आकांक्षा तो परीक्षा देने के लिए केंद्र के अंदर चली गई, जबकि शिव कुमार बाहर बैठकर एग्जाम खत्म होने के बाद उसके बाहर आने का इंतजार कर रहा था.

सिर में सटाकर मारी गोली

इतने में बाइक पर सवार होकर आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंचा और सिर में सटाकर उसे गोली मार दी. गोली लगते ही शिवकुमार लहूलुहान होकर जमीन पर गिरकर तड़पने लगा. इस वारदात से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इसके बाद वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई.

चार महीने पहले की थी शादी

एग्जाम देकर बाहर आई शिवकुमार की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को दिए बयान में अपने भाई मंजीत पर हत्या का आरोप लगाया है. कहा कि चार महीने पहले शिव कुमार से उसने प्रेम विवाह किया था. दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन उसके परिवार के कुछ सदस्य खासतौर पर भाई मंजीत इस रिश्ते के खिलाफ थे और शादी के बाद से ही उसे और उसके पति को धमकी दे रहे थे. मृतक के परिजनों ने भी वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश बताया है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक इस वारदात से जुड़े सभी एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कराई जा रही है. नामजद आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया है. जल्द ही उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा.

Follow Us