विश्वनाथ मंदिर के कपाट खुलते जयकारों से गूंज उठी काशी, 45 घंटे लगातार दर्शन देंगे बाबा; Photos

आज महाशिवरात्रि है. काशी के लिए आज बेहद खास दिन है. हो भी क्यों नहीं, आखिर बाबा विश्वनाथ का आज विवाह जो होना है. इसके लिए बाबा आधी रात से ही तैयार बैठे हैं. रात में 2:15 से 3:15 तक बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती हुई. इसके बाद तड़के 3:30 से बाबा अपने भक्तों को दर्शन के लिए विराजमान हो गए हैं.
1 / 7
मंदिर के कपाट खुलते ही पूरी काशी हर हर महादेव के नारों से गूंज उठी. रात से ही बाबा के दर्शन के लिए लाइन में खड़े भक्तों के चेहरे खिल उठे. कपाट खुलने के साथ ही मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की और मंदिर परिसर में उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान स्थानीय लोगों के अलावा बड़ी संख्या में देशी विदेशी लोग भी बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे.
2 / 7
मंदिर के सभी चार गेटों को खोला गया है और इन सभी गेटों से श्रद्धालु गर्भ गृह तक पहुंचाए जा रहे हैं. प्रशासन ने भी़ नियंत्रण के लिए ज़िग ज़ैग सिस्टम लगाया है. अगले 48 घंटे तक बाबा के लिए कोई वीआईवी नहीं है. सभी सामान्य भक्तों की तरह कतार में आकर बाबा के दर्शन करेंगे. इस दौरान इसके लिए मंदिर प्रशासन ने वीवीआईपी दर्शन और स्पर्श दर्शन आदि पर रोक लगा दी है. केवल झांकी दर्शन कराया जा रहा है.
3 / 7
ज़िग ज़ैग सिस्टम से श्रद्धालुओं को भी सुविधा हो गई है. एक बार लाइन में लग जाने पर घंटे भर के अंदर ही श्रद्धालु गर्भ गृह तक पहुंच कर बाबा के दर्शन कर ले रहे हैं. अभी मंदिर के बाहर तीन किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लाइन लगी हुई है. मंदिर प्रशासन ने ऐसी व्यवस्था की है कि कोई भी श्रद्धालु गर्भ गृह में दो-तीन सेकंड से ज्यादा ना रूक पाए. इसी प्रकार से दर्शन की व्यवस्था अगले 48 घंटे तक रहेगी.
4 / 7
मंदिर प्रशासन की तरफ से महाशिवरात्रि पर होने वाली आरतियों का शेड्यूल जारी किया गया है. मंगला आरती हो चुकी है. अब मध्याह्न भोग आरती दोपहर 11:40 बजे होगी. इसी प्रकार चारो पहर की आरती में प्रथम प्रहर की आरती के तहत रात्रि 09:30 बजे शंखनाद होगा एवं पूजा की तैयारी आरम्भ होगी. फिर रात्रि 10:00 बजे से आरती प्रारम्भ होकर रात्रि 12:30 बजे समाप्त होगी.
5 / 7
द्वितीय प्रहर की आरती रात्रि 01:30 बजे से प्रारम्भ होकर रात्रि 02:30 बजे समाप्त होगी. इस दौरान बाबा का झांकी दर्शन निरंतर चलता रहेगा. फिर तृतीय प्रहर की आरती कल सुबह 03:30 बजे से प्रारम्भ होकर 04:30 बजे तक होगी. इस दौरान झांकी दर्शन में कोई बाधा नहीं आएगी. फिर चतुर्थ प्रहर की आरती सुबह 05:00 बजे से शुरू होकर 06:15 बजे तक चलेगी.
6 / 7
महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा के दर्शन के लिए काशीवासी आज रात सोए ही नहीं, शनिवार की देर रात से ही लोग काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर चल पड़े थे. मंदिर प्रशासन ने भक्तों की भीड़ का ड्रोन शॉट जारी किया है. इसमें शहर की सड़कों पर दिख रहा हर कोई मंदिर की ओर जाता नजर आ रहा है.
7 / 7