यूपी के संभल में अवैध कब्जे पर कार्रवाई, इमामबाड़ा और ईदगाह हटाए गए

उत्तर प्रदेश के संभल में एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई ने सुर्खियां बटोरी हैं. बिछौली गांव में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने अवैध इमामबाड़ा और ईदगाह के खिलाफ सख्त कदम उठाया. सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चार बुलडोजर मौके पर पहुंचे और अवैध ईदगाह को जमींदोज कर दिया गया. वहीं इमामबाड़े को स्थानीय लोगों ने खुद ही तोड़ना शुरू कर दिया. प्रशासन के अनुसार, जिस जमीन पर ये निर्माण हुआ था वह सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज थी—कुछ हिस्सा खाद के गड्ढों के लिए और कुछ पशुचर भूमि के रूप में. जांच के बाद धारा 67 के तहत कार्रवाई करते हुए तहसीलदार कोर्ट ने कब्जा हटाने का आदेश दिया. कार्रवाई के दौरान इलाके में पीएसी, आरआरएफ और स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे. प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Follow Us