शादी की सालगिरह से एक दिन पहले BJP नेता के बेटे ने खाया जहर, मौत के सदमे में पिता को आया हार्ट अटैक

मेरठ में बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष के बेटे ने पत्नी और ससुराल पक्ष से उत्पीड़न के आरोपों के चलते आत्महत्या कर ली. शादी की सालगिरह से ठीक पहले यह घटना हुई, जिसमें बेटे की मौत के बाद सदमे से पिता को हार्ट अटैक आ गया. बीजेपी नेता अभी अस्पताल में भर्ती हैं.

बीजेपी नेता के बेटे ने पत्नी से उत्पीड़न के आरोपों के चलते आत्महत्या कर ली Image Credit:

मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष के बेटे ने कथित तौर पर पत्नी और ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली. युवक ने शादी की सालगिरह से ठीक एक दिन पहले यह कदम उठाया. जान देने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें पत्नी और उसके परिवार पर धमकी देने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए.

जानकारी के अनुसार, पटेलपुरी निवासी राजीव गुप्ता बीजेपी के कंकरखेड़ा मंडल उपाध्यक्ष हैं. उनका बेटा प्रवल गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था. करीब एक साल पहले प्रवल की शादी ऋषिनगर निवासी स्नेहा से हुई थी. वहीं, बेटे की मौत के बाद सदमे से पिता को हार्ट अटैक आ गया, फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पत्नी ने लगाया था दहेज और उत्पीड़न का आरोप

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से प्रवल और स्नेहा के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते दोनों परिवारों के बीच भी तनाव बना हुआ था. शादी के कुछ समय बाद ही स्नेहा की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई थी. इसमें प्रवल पर दहेज मांगने, घरेलू हिंसा और उत्पीड़न करने के आरोप थे. मामले में पुलिस की ओर से काउंसिलिंग कराई जा रही थी.

शनिवार को प्रवल और उसके परिवार के सदस्यों को पुलिस लाइन में काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था. आरोप है कि काउंसिलिंग के दौरान एक दारोगा जिसका नाम मुकेश कुमार बताया जा रहा है, उसने प्रवल और उसके परिजनों के साथ अभद्रता की. वहीं, पत्नी की ओर से लगातार जेल भिजवाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है.

आत्मघाती कदम उठाने से पहले बनाया वीडियो

आरोप है कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर प्रवल ने वीडियो बनाया और अपनी परेशानी बताते हुए आत्मघाती कदम उठा लिया. बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. जवान बेटे को खोने के सदमे में पिता राजीव गुप्ता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया. परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है.

परिवार में जिस दिन शादी की सालगिरह की खुशियां मनाई जानी थीं, उससे ठीक पहले मातम छा गया. फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है.

Follow Us