कुछ बोलने के लिए बचा है क्या? गाजियाबाद कोर्ट में पेशी से पहले बोले आजम, व्यवस्था पर कसा तंज

रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद गिरफ्तार सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान को ईडी ने रिवार को गाजियाबाद की PMLA कोर्ट में पेश किया. जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस दौरान आजम खान ने मीडिया से बात करते हुए व्यवस्था पर तंज कसा. कहा कि "कुछ बोलने के लिए बचा है क्या?"

आजम खान

रामपुर की जेल से रिहाई के तत्काल बाद गिरफ्तार समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रविवार की सुबह गाजियाबाद में विशेष प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) कोर्ट में पेश किया. जहां से अविनाश पांडे के कोर्ट नंबर 1 ने आजम खान को एक बार फिर से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस दौरान आजम खान ने मीडिया से बात तो की, लेकिन सवालों के जवाब में उल्टा पूछ लिया कि अब भी कुछ बोलने के लिए बचा है क्या?

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और यहां की कानून व्यवस्था पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या बोलें? कोर्ट में पेशी के वक्त आजम खान बेहद निराश नजर आए. उनकी बेवसी चेहरे पर साफ झलक रही थी. शनिवार को उन्हें उम्मीद थी कि वह कुछ दिन खुली हवा में सांस लेंगे, लेकिन रिहाई से ठीक पहले रामपुर जेल पहुंची ईडी की टीम ने उनके जेल से बाहर निकलने से पहले ही हिरासत में ले लिया.

मनी लॉन्डरिंग में हुई गिरफ्तारी

सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान की ये गिरफ्तारी और गाजियाबाद कोर्ट में पेशी मनी लॉन्डरिंग के मामले में हुई है. उनके खिलाफ मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी धन के गबन के मामले में ईडी ने 13 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कराई थी और इसी मामले में ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर शनिवार को पूछताछ की. ईडी ने यह कार्रवाई जौहर ट्रस्ट के खिलाफ 2019 में हुई शिकायत के आधार पर की है.

494 करोड़ के घपले का आरोप

सात साल से चल रही जांच के बाद ईडी ने 494 करोड़ के घपले का मामला दर्ज कराया है. दर्ज एफआईआर में आरोप है कि इस रकम का कोई हिसाब-किताब नहीं मिला है. इसी मामले में आगे की पूछताछ के लिए ईडी ने शनिवार को उन्हें हिरासत में लिया. हालांकि इस दौरान आजम खान ने बेहद भावुक और आक्रामक नजर आए थे. उन्होंने अपनी धार्मिक पहचान और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण को लेकर यूपी सरकार और जांच एजेंसियों पर निशाना साधा था.

डबल पैन कार्ड मामले में हुई थी रिहाई

आजम खान और उनके बेटे अब्दुला आजम की रिहाई शनिवार को डबल-PAN-कार्ड केस में हुई थी. हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद दोनों जेल से रिहा हो ही रहे थे कि ईडी पहुंच गई. उस समय ईडी आजम को तो अपनी हिरासत में लेकर चली गई, लेकिन बेटे अब्दुल्ला आजम रिहाई के बाद अपने घर गए. इस दौरान उन्होंने भी मीडिया से बात करते हुए सरकार पर हमले किए थे.

Follow Us