मुरादाबाद डबल मर्डर: जिस अस्पताल में आरोपी ने रची थी, एनकाउंटर के बाद वहीं चल रहा इलाज
मुरादाबाद में पति-पत्नी की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी फरीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. इस बीच पुलिस ने दूसरे आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर दबोचा है. पुलिस के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड की खौफनाक साजिश अस्पताल में रची गई थी, अब आरोपी को भी वही भर्ती कराया गया है.
मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस इलाके के ‘चक्कर की मिलक’ इलाके में महज 24 हजार रुपये के लेनदेन और अपनी ‘बेइज्जती’ का बदला लेने की सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया गया है. पुलिस ने मामले में पहले मुख्य साजिशकर्ता फहीम को गिरफ्तार किया, वहीं, अब एक और आरोपी अनस को मुठभेड़ में दबोचा गया है.
दरअसल, 20 अप्रैल की रात को आरोपियों ने मृतक के घर में घुसकर राजा और उनकी पत्नी फराह की उनके मासूम बच्चों के सामने ही चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी थी. जांच में सामने आया कि यह पूरा हत्याकांड सोची-समझी साजिश का परिणाम था, जिसकी कहानी अस्पताल के बेड पर लिखी गई थी, जहां आरोपी फहीम सिर फटने के बाद भर्ती था.
अस्पताल से बेटों को बदला लेने के लिए उकसाया
पुलिस पूछताछ में आरोपी फहीम ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने बताया कि मृतक को एक प्लॉट बेचा था, जिसके 24 हजार रुपये बकाया थे. इसी विवाद में 19 अप्रैल को राजा ने उसके सिर पर ईंट मार दी थी, जिससे वह लहूलुहान होकर जिला अस्पताल में भर्ती हो गया था. फहीम ने इसे अपनी भारी तौहीन माना, और यही से हत्या की खौफनाक पटकथा लिखी गई.
इस दौरान उसका बेटा फरजंद और साथी आरिफ-नवाब उससे अस्पताल में मिलने पहुंचे थे, तो उसने अपनी ‘बेइज्जती’ का वास्ता देकर उन्हें राजा को सबक सिखाने के लिए उकसाया था. पिता के सिर फटने और सार्वजनिक अपमान का बदला लेने के लिए फरजंद अपने साथियों के साथ चाकू लेकर राजा के घर पहुंचा और इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दूसरे आरोपी अनस को अकबरपुर चौकी क्षेत्र में रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया. पहले तो वह पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, बाद में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया. उसे इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसने फहीम के साथ डबल मर्डर की यह खौफनाक साजिश रची थी.
फिलहाल पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिए हैं. परिवार वालों ने मंगलवार को पति-पत्नी दोनों के शव को सुपुर्द खाक कर दिया. वहीं, पुलिस ने मुख्य आरोपी फहीम पर BNS की धारा 103(1)/61(2) में केस दर्ज किया है. उसके आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं, साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
