कर्ज, तन्हाई और डर… बरेली में प्रॉपर्टी डीलर ने पहले पालतू कुत्ते को दिया जहर, फिर खुद खत्म कर ली जिंदगी

बरेली में प्रॉपर्टी डीलर ने अपने पालतू कुत्ते के साथ आत्महत्या कर ली. पुलिस को बंद कमरे में दोनों के शव मिले. यह हृदय विदारक घटना इलाके में गहरा दुख छोड़ गई है. बताया जा रहा है कि वह कर्ज, अकेलेपन और पालतू कुत्ते के भविष्य की चिंता को लेकर यह खौफनाक कदम उठाया.

अकेलेपन से जूझ प्रॉपर्टी डीलर ने कुत्ते संग दी जान

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक और भावुक घटना सामने आई है. जहां आर्थिक तंगी और अकेलेपन से जूझ रहे प्रॉपर्टी डीलर ने कुत्ते संग अपनी जान दी. उसने पहले अपने पालतू कुत्ते को जहर दिया, फिर खुद आत्महत्या कर ली. पुलिस को बंद कमरे में दोनों के शव मिले. साथ ही कमरे से सल्फास की खाली डिब्बी भी बरामद हुई है.

जानकारी के मुताबिक, मृतक प्रॉपर्टी डीलर (33 वर्षीय) की पहचान निखिल अरोड़ा के रूप में हुई है. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है, क्योंकि निखिल और उसके कुत्ते के बीच गहरा लगाव था. निखिल कुत्ते से बहुत प्यार करता था. घटना की सूचना निखिल के दोस्त ने पुलिस को दी, जिसके यहां वह रोज खाना खाने जाता था, लेकिन उस दिन नहीं गया.

माता-पिता के इलाज में मकान भी बिक गया था

बताया जा रहा है कि निखिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. माता-पिता के इलाज में उसकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी. यहां तक कि बरेली में उसका अपना मकान भी बिक गया था और वह किराए के घर में रह रहा था. परिवार में कोई और सहारा नहीं होने की वजह से वह काफी अकेला भी हो गया था. उस पर कर्ज भी बढ़ता जा रहा था.

निखिल की जिंदगी में आर्थिक तंगी, कर्ज का बोझ और अकेलापन धीरे-धीरे बढ़ता गया. इन सब हालातों ने उसे अंदर से तोड़ दिया. आखिरकार में उसने खौफनाक कदम उठा लिया. निखिल अपने परिचित धीरज के घर खाना खाने जाता था, लेकिन घटना वाले दिन जब वह नहीं पहुंचा, तो धीरज को शक हुआ. उसने घर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था.

छाछ के पैकेट, सल्फास की खाली डिब्बी बरामद

धीरज, काफी देर तक दरवाजा पर खड़ा रहा, उसके आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे कांस्टेबल सौरव कुमार ने वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़ा. अंदर का नजारा बेहद दुखद था. कमरे में निखिल मृत अवस्था में पड़ा था और पास में उसका पालतू कुत्ता प्रेमी भी मरा हुआ मिला, जिसे देख सभी हैरान रह गए.

पुलिस ने तुरंत फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच शुरू की. कमरे की तलाशी लेने पर कुछ अहम सुराग मिले. वहां से छाछ के दो सील पैकेट, एक खाली पैकेट और सल्फास की खाली डिब्बी बरामद हुई. शुरुआती जांच में यह सामने आया कि निखिल ने छाछ में सल्फास मिलाकर पहले अपने पालतू कुत्ते को पिलाया, फिर खुद उसे पी कर जान दे दी.

पुलिस ने कुत्ते के शव का बिसरा भी सुरक्षित रखा

आसपास के लोगों से बातचीत में यह बात सामने आई कि निखिल अपने कुत्ते प्रेमी से बेहद प्यार करता था. वह उसे परिवार के सदस्य की तरह मानता था. लोगों का कहना है कि शायद निखिल को इस बात का डर था कि उसके मरने के बाद उसके कुत्ते की देखभाल कौन करेगा. इसी चिंता में उसने यह कठोर कदम उठाया और अपने कुत्ते को भी अपने साथ ले गया.

वहीं पूरे मामले में थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह पूरी तरह सामने आ सके. कुत्ते के शव का बिसरा भी सुरक्षित रख लिया गया है, जिससे यह साफ हो सके कि उसे भी जहर दिया गया था. फिलहाल, पूरे मामले की जांच की जा रही है.

Follow Us