आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसे में घायल हुआ बच्चा, देखते ही खुद बचाने दौड़े अखिलेश; सामने आईं तस्वीरें
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसी वक्त सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का काफिला गुजर रहा था. उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए खुद रुककर बच्चे को बचाया और इलाज के लिए आगरा अस्पताल भिजवाया. उनके इस नेक काम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे उन्हें काफी सराहना मिल रही है.
उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक भयानक हादसा हुआ. इस हादसे में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते डिवाइडर से टकराकर पलट गई. इस हादसे में एक 10 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. संयोग से उसी समय सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव अपने काफिले के साथ गुजर रहे थे. उन्होंने मंजर देखा तो गाड़ी रुकवाई और बच्चे को बचाने के लिए खुद दौड़ पड़े. इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही हैं.
मामला फिरोजाबाद में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मटसैना थाना क्षेत्र का है. पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गाड़ी में से बच्चे को निकलवाकर काफिले की गाड़ी में बैठाया और इलाज के लिए आगरा के अस्पताल भिजवाया. इससे बच्चे को समय रहते इलाज मिल सका है. इस हादसे में बच्चे के माता-पिता के अलावा उसकी छोटी बहन भी घायल हुए थे. डॉक्टरों के मुताबिक इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. वहीं बच्चे को आगे के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है.
लखनऊ से आगरा जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के अंसल गोल्फ सिटी में रहने वाले सुनील मिश्रा गुरुवार की शाम को अपनी पत्नी अंतिका मिश्रा, पुत्र अनंत मिश्रा और पुत्री अराध्या मिश्रा के साथ अपनी टाटा सफारी कार में सवार होकर आगरा जा रहे थे. गाड़ी ड्राइवर चला रहा था. जैसे ही इनकी गाड़ी मटसैना क्षेत्र में पहुंची, अचानक से कार चालक नियंत्रण खो बैठा और देखते ही देखते कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई. इस हादसे में बच्चा कार के नीचे दब गया था.
अखिलेश यादव ने दिखाई संवेदना
संयोग से ठीक उसी समय सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी अपने काफिले के साथ वहां से गुजर रहे थे. उन्होंने गाड़ी पलटी देखी तो मानवीय संवेदना दिखाते हुए अपना काफिला रुकवा दिया और खुद दौड़ कर घटना स्थल पर पहुंचे. देखा तो बच्चा गाड़ी में फंसा हुआ था. उन्होंने तत्काल अपने साथियों की मदद से बच्चे को बाहर निकलवाया और उसे निजी वाहन से इलाज के लिए आगरा के अस्पताल में भेजकर भर्ती करवाया. सीओ सदर तेजस त्रिपाठी के मुताबिक इस हादसे में घायल परिवार के सभी लोग अब सुरक्षित हैं. उन्होंने बताया कि बच्चे का इलाज चल रहा है.