एक और स्कूल बस की टूटी फर्श से गिरी बच्ची, पहिए के नीचे आकर मौत; आगरा में अलीगढ़ जैसा हादसा

आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक जर्जर स्कूल बस की टूटी फर्श से नौ साल की बच्ची नैना गिर गई और बस के पहिए के नीचे आकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा स्कूली वाहनों की खराब हालत और स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही को उजागर करता है. ठीक इसी तरह की घटना पिछले महीने अलीगढ़ में भी हुई थी. इसमें भी एक बच्ची की मौत हो गई थी.

आगरा में अलीगढ़ जैसा स्कूल बस हादसा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक जर्जर स्कूल बस हादसे में बच्ची की मौत को एक महीने भी नहीं हुए, अब ठीक ऐसी ही एक घटना आगरा में हो गई है. यहां भी जर्जर बस की टूटी फर्श से एक मासूम बच्ची नीचे गिर गई और उसके ऊपर बस का पहिया चढ़ गया. इससे मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई. दिल दहला देने वाली यह घटना आगरा में एत्मादपुर थाना क्षेत्र के नगला काले का है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक यह हादसा बुधवार सुबह का है. यहां एक स्कूल में चल रही जर्जर बस की फर्श से 9 साल की छात्रा नैना सड़क पर गिर गई. इतने में बस का पिछला पहिया इस बच्ची के शरीर पर चढ़ गया. इससे मौके पर ही कुचलकर बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया है. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस की हालत बेहद खस्ता थी.

टूटे फर्श पर लगाया था जुगाड़

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक जिस सीट पर छात्रा नैना बैठी थी, उसके नीचे फर्श पहले से टूटा था और उसे जुगाड़ से ढंका गया था. चलती बस में अचानक नैना का पैर इस टूटे हुए हिस्से पर पड़ा और नीचे गिर गई. इसके बाद बस का पिछला पहिया नैना को कुचलते हुए आगे निकल गया, बावजूद इसके ड्राइवर को भनक तक ना लगी. बस में मौजूद अन्य बच्चों ने यह भयानक मंजर अपनी आंखों से देखा और चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

बच्चों के शोर मचाने पर ड्राइवर ने बस रोका और सड़क से बच्ची को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. इतने में यह खबर बच्ची के परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया. परिजन भाग कर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों और परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है. कहा कि बच्चों की जान जोखिम में डालकर ऐसी कबाड़ बसें सड़क पर दौड़ाई जा रही हैं.

Follow Us