9 साल पहले की पत्नी की हत्या, मुंबई में छिपकर काट रहा था फरारी; बच्चों के मोह ने पहुंचाया जेल
आगरा में पत्नी की हत्या कर 9 साल से फरार चल रहे कपिल उर्फ काका को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसने 2017 में दहेज के लिए पत्नी को मार डाला था. आरोपी बच्चों से बात करने के लिए रिश्तेदार को फोन करता था, जिसकी कॉल सर्विलांस पर होने के कारण पुलिस ने उसे धर दबोचा. बच्चों के प्रति उसका मोह ही उसकी गिरफ्तारी का कारण बना है.
अपराधी कितनी भी शातिर क्यों ना हो, कोई ना कोई गलती कर ही देता है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आया है. यहां पत्नी की हत्या कर 9 साल से फरार बदमाश की एक छोटी सी गलती ने उसे जेल पहुंचा दिया है. मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र का है. आगरा पुलिस ने आरोपी को मुंबई से धर दबोचा है. इसी के साथ पुलिस ने 9 साल पहले बंद हुई इस हत्याकांड की फाइल फिर से खोल दी है.
आगरा पुलिस के मुताबिक आगरा के जगनपुर में रहने वाले कपिल उर्फ काका ने दहेज की मांग पूरी ना होने पर 9 साल पहले यानी साल 2017 में अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. वारदात के बाद से ही घर छोड़कर फरार हो गया था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की खूब तलाश कराई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. आरोपी की फरारी की दशा में उसके एक रिश्तेदार जो बच्चे की देखरेख कर रहे थे, उन्होंने भी आरोपी के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया.
ऐसे आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक आरोपी के रिश्तेदार से कई बार पूछताछ की गई. हालांकि हर बार रिश्तेदार ने आरोपी से संपर्क नहीं होने की बात कही. चूंकि पुलिस को इस रिश्तेदार की बात पर यकीन नहीं था, इसलिए पुलिस ने उसके फोन को सर्विलांस पर लगा दिया. इसी बीच आरोपी ने उस रिश्तेदार को बच्चे की हालचाल के लिए फोन किया और काफी देर तक बात की. उधर, कंट्रोल रूम में पुलिस ने इस बातचीत को ना केवल सुन लिया, बल्कि आरोपी की लोकेशन भी ट्रैस कर ली.
मुंबई से उठा लाई पुलिस
आरोपी की सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस ने पहले उस रिश्तेदार को धर दबोचा और फिर उसके साथ ही मुंबई जाकर आरोपी को भी दबोच लिया है. अब पुलिस ने आरोपी से जरूरी पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया है, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस मामले में आरोपी के खिलाफ पहले ही कोर्ट से वारंट जारी हो चुका था.