परिवार वाले पढ़ाई की फीस नहीं दे रहे… आहत युवती ने DM आवास के सामने खुद पर उड़ेल लिया डीजल
अलीगढ़ में डीएम आवास के सामने एक युवती ने पारिवारिक विवाद और पढ़ाई की फीस न मिलने से आहत होकर आत्मदाह का प्रयास किया. युवती ने खुद पर डीजल उड़ेल लिया था. हालांकि, पुलिस ने समय रहते उसे बचा लिया. इस दौरान अफरा-तफरी मच गई थी.
अलीगढ़ में गुरुवार को डीएम आवास के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया. मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. पुलिस ने तुरंत युवती को रोककर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित डीएम आवास के सामने की है. मौके से डीजल से भरी एक कैन और माचिस बरामद हुई है. पुलिस ने बताया कि युवती के कपड़ें डीजल से भीगी हुई थी, लेकिन समय रहते उसे सुरक्षित बचा लिया गया. युवती का आरोप है कि वह आगे पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन परिवार ने उसकी फीस जमा नहीं की.
चाचा ने मारपीट की और कपड़े भी फाड़ दिए
युवती ने यह भी आरोप है कि उसके चाचा ने बीच बाजार में उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए. इन घटनाओं से आहत होकर वह डीएम आवास पहुंची और आत्मदाह का प्रयास किया. घटना के बाद युवती के मामा ने भी परिवार के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
PhD करना चाहती है, फीस नहीं दे रहा परिवार
युवती का नाम सेजल अग्रवाल (25 ) है, जो खैर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. उसका कहना है कि वह पीएचडी (PhD) करना चाहती है, लेकिन उसके परिजनों ने पढ़ाई की फीस देने से साफ इनकार कर दिया है. आरोप है कि वह इसको लेकर कई बार थाने में शिकायत लेकर भी पहुंची, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर यह कदम उठाया.
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच की शुरू
वहीं, घटना सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उनका कहना है कि युवती और उसके परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. यह घटना जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.