आलमबाग में चेनस्नेचर अरेस्ट, मंगल बाजार में क्यों पिट गईं महिला पुलिसकर्मी? जांच में जुटी लखनऊ पुलिस

लखनऊ में दो बड़ी घटनाएं सामने आईं. आलमबाग में पुलिस ने कुख्यात महिला चेन स्नैचर अनीता उर्फ सोनिया को पकड़ा, जिससे चोरी का सामान बरामद हुआ. वहीं, मंगल बाजार में सड़क खाली कराने पहुंची एक महिला पुलिसकर्मी से दुकानदारों ने मारपीट की.

लखनऊ में महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो महत्वपूर्ण घटनाएं हुई है. पहली घटना आलमबाग की है. इसमें पुलिस के लिए सिरदर्द बनी महिला चेनस्नैचर अनीता उर्फ सोनिया को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. सोनिया के खिलाफ इस इलाके में दर्जनों स्नैचिंग की वारदातें दर्ज हैं. वहीं दूसरी घटना मंगल बाजार की है. जहां दुकानदारों ने एक महिला कर्मी की बुरी तरह पिटाई कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

आलमबाग थाना पुलिस के मुताबिक इलाके में बीते कुछ दिनों से चेन और पर्स स्नैचिंग की वारदातें तेजी से बढ़ी है. यह घटनाएं अक्सर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के साथ हो रही थीं. इन घटनाओं को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल के निर्देश पर गठित दरोगा सुभाष चंद्र यादव की टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को महिला चेन स्नैचर सोनिया को धर दबोचा.

बाइक एवं अन्य सामान बरामद

आलमबाग थाना पुलिस के मुताबिक सोनिया के पास से एक बाइक के अलावा चेन स्नैचिंग के उपकरण बरामद हुए हैं. इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कई चेन और पर्स आदि भी बरामद किया है. पुलिस की पूछताछ में चेन स्नेचर सोनिया ने आधा दर्जन से अधिक चेन एवं पर्स स्नेचिंग की वारदातों को कबूल किया है. पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है.

दुकानदारों का महिला पुलिसकर्मी पर हमला

उधर, लखनऊ के साथ मंगल बाज़ार में दुकानदारों ने एक महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की. पुलिस के मुताबिक सड़क पर दुकान लगाने से रोकने की कोशिश कर रही महिला पुलिसकर्मी को दुकानदारों ने घेर लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट की. सूचना मिलने पर थाने से पहुंची पुलिस फोर्स ने हालात को काबू किया. वहीं मौके पर मौजूद महिलाओं ने भी पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है. महिला पुलिसकर्मी ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है. आरोप लगाया कि उसके बाल खींचे गए और दुर्व्यवहार किया गया. इस संबंध में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है.

Follow Us