AMU में छात्रा की संदिग्ध मौत, मां से फोन पर कहासुनी के बाद उठाया खौफनाक कदम
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में एक छात्रा ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली. छात्रा कोलकाता की रहने वाली थी और कुछ दिन पहले ही वापस कैंपस में आई थी. बताया जा रहा है कि फोन पर मां से कहासुनी के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया. AMU में तीन सालों में यह चौथी आत्महत्या की घटना है.
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे कैंपस को झकझोर कर रख दिया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित AMU के IG हॉल में बीए सेकंड ईयर की छात्रा इर्तिका समीर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी.
बताया जा रहा है कि इर्तिका समीर कुछ दिन पहले ही पश्चिम बंगाल के हावड़ा से अलीगढ़ वापस आई थी. 28 तारीख को वह AMU कैंपस लौटी थी और आईजी हॉल में रह रही थी. देर रात वह अपनी मां से फोन पर बातचीत कर रही थी. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, और कुछ देर बाद छात्रा ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया.
कोलकाता से लौटने के बाद परेशान थी छात्रा
घटना की जानकारी मिलते ही AMU विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में मेडिकल टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब छात्रा की मौत की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
AMU प्रॉक्टर नावेद खान ने भी घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि उसके हॉस्टल के दोस्तों के मुताबिक, छात्रा जबसे कोलकाता से लौटी थी, तब से परेशान लग रही थी. फोन पर कहासुनी के बाद, उसकी मां ने बेटी की एक दोस्त को हालचाल लेने भेजा. दोस्तों ने हॉस्टल का कमरा अंदर से बंद पाया और दरवाजा तोड़ा तो वह लटकी हुई थी.
आईजी हॉल और पूरे कैंपस में शोक का माहौल
पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, परिजनों से हुई बातचीत और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. क्या फोन पर हुई कहासुनी इसकी तत्काल वजह थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. पुलिस का कहना है कि इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
AMU के प्रॉक्टर नावेद अली ने कहा कि यूनिवर्सिटी में पिछले तीन सालों में चार स्टूडेंट सुसाइड केस रिपोर्ट हुए हैं. अधिकारियों ने स्टूडेंट्स को मेंटल हेल्थ से जुड़ी मुश्किलों से निपटने में मदद करने के लिए हॉस्टल में रेगुलर काउंसलिंग प्रोग्राम शुरू किए हैं. फिलहाल, इस आत्मघाती घटना के बाद आईजी हॉल और पूरे कैंपस में शोक का माहौल है.