सबसे हंसकर बात करती थी पत्नी, पति ने पहले घोंटा गला; फिर ससुर को चाबी देकर हो गया फरार
उत्तर प्रदेश के औरैया में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. पत्नी के हंसमुख स्वभाव और चरित्र पर संदेह के साथ-साथ पैतृक संपत्ति हड़पने की लालच भी हत्या का मुख्य कारण बनी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने ससुर को घर की चाबी सौंपी और फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
उत्तर प्रदेश में औरैया पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है. यहां एक सनकी पति ने सबसे हंस-हंसकर बात करने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. फिर शव को कमरे में बंद कर ताला लगाया और ससुर को चाबी देकर फरार हो गया था. महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामला औरैया में बेला थाना क्षेत्र का है.
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती ने वारदात का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 4 सितंबर 2026 को थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पट्टी ज्ञानी से इस हत्याकांड की सूचना मिली थी. इसमें बताया गया था कि महिला की हत्या उसके पति ने ही गमछे से गला घोंटकर की है. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था.
महिला के पिता ने दी तहरीर
एसपी औरैया के मुताबिक महिला के पिता तेजराम राजपूत ने पुलिस में तहरीर दी है. इसके पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग टीमें बनाकर दबिश दी और 8 सितंबर 2026 को तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर के पास से आरोपी प्रमोद कुमार को अरेस्ट कर लिया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2015 में रेखा से हुआ था. दोनों के तीन बेटे हैं. चूंकि उसकी पत्नी सबसे हंस-हंसकर बात करती थी, इसलिए उसे उसके चरित्र पर संदेह था.
घर जमाई बनकर रहता था आरोपी
आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी अपने पिता की इकलौती संतान थी. इसलिए उसके पिता तीन बीघे जमीन और एक प्लॉट उसकी पत्नी को ही मिलने वाला था. इसलिए वह ससुराल में ही रहता था. उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, लेकिन डर भी था कि विवाद होने पर कहीं यह संपत्ति उसके हाथ से ना निकल जाए. इसलिए उसने जमीन और प्लॉट पहले ही अपने नाम करा लिया.
जन्माष्टमी के दिन की वारदात
आरोपी ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन उसके ससुर मंदिर गए थे. इसी बीच पति-पत्नी में विवाद हो गया. इस दौरान उसने अपने अंगोछे से उसका गला घोंट दिया. फिर उसने घर में ताला लगाया और मंदिर जाकर अपने ससुर को पत्नी की हत्या की जानकारी देने के साथ ही उन्हें घर की चाबी दी और वहां से फरार हो गया. फिर महिला के पिता ने यूपी 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
