औरैया: सपेरे का मजाक बना जानलेवा, गले में डालते ही सांप ने डसा; बुजुर्ग पहुंचा अस्पताल
औरैया में एक सपेरे का मजाक जानलेवा साबित हुआ. कथित सपेरे ने सांप का खेल दिखाते हुए एक बुजुर्ग के गले में सांप डाल दिया, जिसने उन्हें काट लिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. घटना के बाद सपेरा मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सपेरे का मजाक एक बुजुर्ग की जान पर भारी पड़ गया. सदर कोतवाली क्षेत्र के गोविंद नगर मोहल्ले में एक कथित बाबा सांप का खेल दिखाने पहुंचा और मजाक-मजाक में एक बुजुर्ग के गले में सांप डाल दिया. इसी दौरान सांप ने बुजुर्ग को काट लिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि गोविंद नगर निवासी राम जी दुबे अपने घर के बाहर मौजूद थे, तभी एक सपेरा खुद को बाबा बताते हुए वहां पहुंचा. वह लोगों को सांप दिखाकर करतब कर रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सपेरे ने अचानक सांप को राम जी दुबे के गले में डाल दिया. शुरुआत में लोगों को यह मजाक लगा, लेकिन तभी सांप ने बुजुर्ग की उंगली में काट लिया.
कुछ ही देर में बुजुर्ग की हालत बिगड़ने लगी
सांप के काटते ही अफरा-तफरी मच गई. बुजुर्ग की उंगली से खून निकलता देख सपेरे ने तुरंत सांप को खींचकर अलग किया, लेकिन इसके बाद वह सांप को लेकर मौके से फरार हो गया. कुछ ही देर में बुजुर्ग की हालत बिगड़ने लगी. परिजनों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शी गोपाल जी ने बताया कि एक बाबा खेल दिखाने आया था. उसने गले में सांप डाल दिया, तभी सांप ने बाबा की उंगली में काट लिया. जब खून निकलने लगा तो उसने सांप हटाया और वहां से चला गया. डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया है और बुजुर्ग की हालत अब सामान बताई जा रही है.
मौके से फरार सपेरे की तलाश में जुटी पुलिस
इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, बुजुर्ग अब खतरे से बाहर है, उनकी हालत स्थिर है. वहीं, घटना के बाद अपने आपको बाबा कहने वाला सपेरा मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार सपेरे की तलाश की जा रही है.
