मां संग मिलकर ब्लैकमेल कर रही थी ‘सनम बेवफा’, प्यार में हारे BF ने गले लगाया मौत; ऐसे खुला राज

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक युवक, आयुष ने अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी मां द्वारा ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उसने बताया कि वे निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पैसों की उगाही कर रहे थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे परिवार में गहरा सदमा है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक झकझोर देने वाली खबर आई है. यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी मां की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर खुदकुशी कर ली है. युवक के शव के पास से ही एक सुसाइड नोट मिला है. इस सुसाइड नोट का मजबून दिल दहला देने वाला है. फिलहाल सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान तितावी थाना क्षेत्र के गढ़ी देशराज गांव में रहने वाले 27 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है.

मौत को गले लगाने से पहले लिखे अपने सुसाइड नोट में आयुष ने अपना दर्द बयां किया है. उसने पुलिस और अपने परिवार से गुजारिश की है कि उसकी गर्लफ्रेंड और उसकी मां के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई हो. युवक ने अपनी सुसाइड नोट में ब्लैकमेलिंग और उत्पीड़न का दर्द बयां करते हुए लिखा है कि उसकी गर्लफ्रेंड अंशिका भारद्वाज कई साल से उसे धोखा दे रही है. वह अपनी मां के साथ मिलकर उससे पैसों की उगाही कर रही है.

फोटो वायरल करने की धमकी

सुसाइड नोट में आयुष ने बताया कि दोनों मां-बेटी ने उसे मानसिक तौर पर इस कदर प्रताड़ित किया कि अब उसे मौत के सिवाय कोई रास्ता ही नहीं सूझ रहा. बताया है कि दोनों उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देकर उससे उगाही करती थी. इससे परेशान होकर आखिरकार उसने मौत को गले लगाने का फैसला किया. इस सुसाइड नोट के आधार पर तितावी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

परिवार में मचा कोहराम

आयुष का शव मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया है. उसकी मां एवं परिवार के लोग सदमे में आ गए हैं. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. आयुष का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फुगाना सीओ यतेंद्र नागर के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us