ट्रेन में चढ़ते समय यात्री को आया हार्ट अटैक, नीचे गिरकर दर्दनाक मौत; Video

फिरोजाबाद के टूंडला जंक्शन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक यात्री की ट्रेन में चढ़ते समय दर्दनाक मौत हो गई. वह दिल का दौरा पड़ने पर प्लेटफॉर्म पर गिर गया और चलती ट्रेन की चपेट में आ गया. आरपीएफ ने तुरंत ट्रेन रुकवाई, लेकिन जान नहीं बची.

टूंडला में यात्री को चढ़ते वक्त आया हार्ट अटैक, मौत

फिरोजाबाद के टूंडला जंक्शन पर रविवार देर रात ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में चढ़ने के दौरान अचानक यात्री को दिल का दौरा पड़ गया. हार्ट अटैक आते ही वह अपना संतुलन खो बैठा और प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा. इसी बीच ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली और हादसा उस वक्त और भयावह हो गया, जब यात्री के कपड़े चलती बोगी में फंस गए और वह घसीटता चला गया.

इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन को रुकवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और यात्री की मौके पर ही मौत हो गई. इस पूरी दर्दनाक घटना की तस्वीरें स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

दिल्ली आर्मी कैंप में फास्टफूड का करता था काम

जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान प्रीतम तीरयूवा के रूप में हुई है. वह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग (थाना मिरिक) का रहना वाला था और दिल्ली स्थित आर्मी कैंप में फास्टफूड का काम करता था. रविवार रात वह अपनी पत्नी मोनिका रॉय के साथ ब्रह्मपुत्र मेल से घर जा रहा था. वह अपनी पत्नी के साथ देर रात करीब 2:47 बजे टूंडला स्टेशन पहुंचा था.

जब ट्रेन टूंडला स्टेशन पहुंची तो प्रीतम ने कोच में चढ़ने का प्रयास किया. इसी दौरान उसे हार्ट अटैक आया और वह प्लेटफाॅर्म पर गिर पड़ा. ट्रेन गति पकड़ चुकी थी, जिससे प्रीतम के कपड़े बोगी के गेट या पायदान में उलझ गए और वह घिसटते हुए ट्रैक की चपेट में आ गया. वीडियों में साफ तौर पर युवक को ट्रेन और प्लेटफॉम के बीच घिसटते देखा जा सकता है.

दिल्ली में रह रहे बेटों को दी गई घटना की सूचना

हालांकि, ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने फौरन गार्ड को सूचना देकर इमरजेंसी ब्रेक लगवाए और ट्रेन को रुकवाया, लेकिन युवक की जान नहीं बच सकी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही पुलिस ने घटना की जानकारी दिल्ली में रह रहे उसके बेटों को दे दी गई है.

Follow Us