हनीट्रैप में फंसकर थानेदार ने की थी सुसाइड! 8 दिन बाद सामने आया पूरा सच, युवती समेत 3 अरेस्ट

बस्ती में वाल्टरगंज थानेदार सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या का खुलासा हो गया है. थानेदार ने यह कदम हनीट्रैप के चलते उठाया था. पुलिस ने इस मामले में एक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिष्ठित लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करते थे. यह गिरोह संबंध बनाते समय वीडियो बनाता और फिर वसूली करता था. इस खुलासे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

हनीट्रैप में फंसकर इंस्पेक्टर ने की सुसाइड

उत्तर प्रदेश के बस्ती में वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह सुसाइड कांड में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक थानेदार सूर्य प्रकाश भी हनीट्रैफ गिरोह के चंगुल में फंसे थे और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर बीते 29 अगस्त को अपने सरकारी आवास में सुसाइड कर ली थी. इस घटना के बाद मामले की जांच करते हुए आरोपी युवती, उसके पिता और एक वकील को अरेस्ट कर लिया है. इसी के साथ पुलिस ने इस हनीट्रैप गैंग की करतूतों का खुलासा किया है.

पुलिस के मुताबिक युवती पैसे वाले लोगों का शिकार करती थी. पहले उन्हें अपने रूपजाल में फंसाती थी और उससे संबंध बनाते समय वीडियो रिकॉर्ड करती थी. बाद में उसके साथी जिनमें उसका पिता भी शामिल है, शिकार को डरा धमकाकर वसूली करते थे. थानेदार से पहले भी इस गैंग ने शहर के कई प्रतिष्ठित लोगों को अपना शिकार बनाया है. हालांकि लोक लाज की वजह से लोग पुलिस के पास आने के बजाय गैंग की डिमांड पूरी करते रहे.

डीआईजी ने किया खुलासा

तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद डीआईजी बस्ती ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि थानेदार के बेटे संदीप सिंह ने 5 सितंबर को मुख्य आरोपी प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी और वकील विजय प्रकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले की जांच की तो आरोपियों की भूमिका की पुष्टि हो गई. इसके बाद पुलिस ने बस्ती सदर अस्पताल के सामने से अरेस्ट किया है.

पति को छोड़ चुकी है आरोपी प्रियंका

डीआईजी के मुताबिक आरोपी प्रियंका की उम्र 32 साल है. वह करीब 10 साल पहले ही अपने पति को छोड़कर अलग रह रही थी. कुछ दिन उसने मुंबई में रहकर ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटरों में काम किया. वहीं पर इसकी आदतें बिगड़ी और वह पैसे वाले लोगों को अपने शारीरिक मोह जाल में फंसाकर, उनके वीडियो- ऑडियो बनाने और हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने लगी.

इमोशनल ब्लैकमेल भी करती थी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी प्रियंका ने पुलिस को बताया कि वह अपने जाल में फंसे ग्राहकों को वीडियो कॉल पर इमोशनल ब्लैकमेल करती थी. इसके लिए अपनी कलाई की नस काटकर बहता हुआ खून दिखाती थी. उसने बताया कि मोटी रकम की वसूली के लिए वह सभी तरह के हथकंडों का इस्तेमाल करती थी.आरोपी ने हनीट्रैप की कमाई से ही पिछले दिनों बोलेरो गाड़ी खरीदी थी.

Follow Us