आखिर गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूद कर क्यों दे दी जान? डायरी से खुलेगा राज
गाजियाबाद के भारत सिटी सोसायटी में 3 सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी. पुलिस को फिलहाल, तीनों के कमरे से एक सुसाइड नोट और डायरी मिली है. माना जा रहा है यही डायरी सुसाइड किए जाने की असल वजह सामने ला सकती है.
गाजियाबाद में भारत सिटी सोसाइटी में 3 सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी. तीनों बहनों को एक ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन लवर गेम की लत थी. पुलिस को मौके से तीनों लड़कियों के कमरे से एक सुसाइड नोट और डायरी मिली है. फिलहाल, पुलिस इस मामले में हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है.
लड़कियों के कमरे से मिले सुसाइड नोट पर सबसे ऊपर लिखा हुआ है. इस डायरी में जो कुछ लिखा हुआ है वह सब पढ़ लो क्योंकि ये सब सच है. रीड नाऊ. फिर नीचे लिखा है. आई एम रियली सॉरी, सॉरी पापा. माना जा रहा है कि यह डायरी लड़कियों के आत्महत्या के पीछे के असली राज का खुलासा कर सकती है.
डरे-सहमे हुए हैं सोसाइटी के लोग
तीनों सगी बहनों की एक साथ मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, सोसाइटी में रहने वाले लोग भी इस सामूहिक सुसाइड से सहमे हुए हैं. फिलहाल, पुलिस ने तीनों लड़कियों के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.
सोसाइटी के लोगों ने और क्या बताया?
यह घटना रात करीब 2 बजे भारत सिटी बी-1 टावर के फ्लैट संख्या 907 में हुई. स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक उन्होंने तेज आवाज सुनी. बाहर निकलकर देखा तो तीन बहनें निशिका(16), प्राची(14), पाखी (12) बेहद गंभीर हालात में जमीन पर गिरी पड़ी थीं. लड़कियों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुकी थीं.
लड़कियों के पिता ने दो शादियां कर रखी है
प्रारंभिक जांच में ये बात सामने आई है कि लड़कियों के पिता चेतन ने 2 शादियां कर रखी हैं. वह तकरीबन तीन से चार साल से भारत सिटी सोसाइटी में अपनी दोनों पत्नियों और बच्चियों को साथ लेकर रह रहे थे. उनकी बेटियों को ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी. परिजन कई बार ऐसे गेम्स से बच्चियों को दूर रहने की सलाह दे चुके थे.