थप्पड़ मारा, कपड़े फाड़े… देरी से आने पर बच्चे को प्रिंसिपल ने बनाया मुर्गा, फिर पिता ने दी ये सजा

गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बच्चे के देरी से स्कूल आने और प्रिंसिपल द्वारा उसे 'मुर्गा' बनाने की सजा देने पर पिता ने प्रिंसिपल के साथ मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए. इस मामले में प्रिंसिपल ने पुलिस में तहरीर दी है, जिसके आधार पर केस दर्ज कर आरोपी पिता की तलाश की जा रही है. यह घटना स्कूल में अनुशासन और अभिभावकों की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाती है.

गोला थाना गोरखपुर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां एक बच्चे के पिता ने स्कूल में आकर प्रिंसिपल के साथ ना केवल दुर्व्यवहार किया, बल्कि बुरी तरह मारपीट करते हुए उनके कपड़े तक फाड़ दिए. दरअसल आरोपी का बच्चा एक देरी से स्कूल पहुंचा था. इस बात पर प्रिंसिपल ने उसे सजा के तौर पर मुर्गा बनाया था. इसकी जानकारी होने पर आरोपी आवेश में आ गया और उसी दिन छुट्टी के बाद स्कूल पहुंचकर उसने प्रिंसिपल के साथ ये व्यवहार किया.

इस घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया. आरोपी ने प्रिंसिपल को दुबारा ऐसा करने पर इससे भी बुरा नतीजा भुगतने की धमकी दी और वहां से चला गया. मामला गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे का है. इस संबंध में प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार ने पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया कि 1 सितंबर 2026 को छठवीं क्लास की एक छात्रा काफी देरी से स्कूल पहुंची थी. इसके बात के लिए उसे अनुशासित रहने के लिए पनिशमेंट के तहत मुर्गा बना दिया था.

छुट्टी से पहले आ धमका पिता

प्रिंसिपल के मुताबिक छुट्टी के बाद जब छात्रा घर गई और उसने अपने पिता से बताया. इसके बाद आरोपी तुरंत स्कूल पहुंच गया. उस समय वह स्कूल से घर जाने के लिए निकलने ही वाले थे कि आरोपी ने उनके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया इसके बाद आरोपी ने स्कूल में तोड़फोड़ भी की. गनीमत रही कि वहां मौजूद टीचरों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया.

पेंट पॉलिश का काम करता है आरोपी

पीड़ित के मुताबिक छात्रा का पिता पेंट पॉलिश का काम करता है. वहीं इस मामले में गोला थानेदार चंद्र प्रकाश पांडे ने बताया कि प्रिंसिपल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की तलाश की जा रही है. जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित प्रिंसिपल ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.प्रिंसिपल ने इस तरह की घटना आगे भी होने की आशंका जताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है.

Follow Us