पहले ट्रक में लिफ्ट ली, फिर केबिन से चुरा लिए रुपये; हाईवे पर दरोगा और चालक में खूब हुई मारपीट… VIDEO
हमीरपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक दरोगा ने ट्रक में लिफ्ट लेकर केबिन से 20,000 रुपये चुरा लिए. जब चालक महेश को चोरी का पता चला, तो उसने दरोगा को पकड़कर जमकर पीटा. इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने आरोपी दरोगा गिरीश मिश्रा को निलंबित कर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना पुलिस विभाग में हड़कंप मचा रही है.
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां हाईवे पर एक वर्दीधारी दरोगा और ट्रक चालक के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है. मामला जिला मुख्यालय के यमुना पुल का बताया जा रहा है. वीडियो में दिख रहे दरोगा की पहचान घाटमपुर में तैनात सब इंस्पेक्टर गिरीश मिश्रा के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि हाईवे पर वह एक ट्रक में लिफ्ट लेकर हमीरपुर तक आया था. इस दौरान दरोगा ने ट्रक के केबिन में रखे 20 हजार रुपये चुरा लिए और उतर गया. जब चालक महेश का ध्यान गया और रुपये गायब मिले तो उसने ट्रक रोककर दरोगा को पकड़ लिया. चालक महेश का दावा है कि उसने दरोगा की वर्दी के अंदर से अपने 20 हजार रुपये बरामद किए हैं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट तक पहुंच गई.
दरोगा को पड़े थप्पड़
गुस्साए ट्रक चालक ने दरोगा का गिरेबान पकड़ लिया और उसे ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए. हाईवे पर वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट होती देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. काफी देर तक चले हंगामे के बाद वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया. इसके बाद पहुंची यूपी-112 पुलिस की टीम दरोगा को अपने साथ कोतवाली ले गई. मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
दरोगा के खिलाफ केस दर्ज
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है. सीओ सदर यशपाल सिंह के मुताबिक आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है और चालक द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
