हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल ढहा, मलबे में दबकर 6 मजदूरों की मौत, CM योगी ने मुआवजे का किया ऐलान
हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहा एक निर्माणाधीन पुल ढह गया है. इसके चलते पुल के नीचे काम कर रहे हैं. 6 मजदूरों की मौत हो गई. पुल के मलबे के नीचे अभी और भी मजदूरों के फंसने की खबर है. ऐसे में मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है.
तेज आंधी और तूफान के चलते हमीरपुर में निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. सटरिंग के साथ स्लैब और पुल की कोठी गिरने से नीचे काम कर रहे 6 मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. मलबे के नीचे और भी लोगों के दबे होने की आशंका है. फिलहाल, राहत और बचाव कार्य टीम मौके पर पहुंच गई है. पुल का मलबा हटाने की कोशिश की जा रही है.
पुल के नीचे सो रहे थे मजदूर
यह पुल बेतवा नदी पर बन रहा है, जो कुरारा के मोरकंदर परसानी से नैथी गांव तक फैला हुआ है. घटना के समय सभी पीड़ित पुल के इसी हिस्से में सो रहे थे. यह घटना बारिश और आंधी-तूफान के बीच हुई, जिससे निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की पर्याप्तता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
बाबूराम निषाद के प्रयासों से पुल को मिली थी मंजूरी
घटनास्थल पर एसडीएम, सीओ सहित कई थानों का फोर्स मौजूद है. SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं. इस पुल को राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद के प्रयासों से मंजूरी मिली थी. इसका निर्माण उनके पैतृक गांव मोरकंदर परसानी के पास ही किया जा रहा था. मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ से दस तक पहुंच सकती है. फिलहाल सीएम योगी ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये देने और घायलों को 50 हजार का मुआवजे का का ऐलान किया है.
मृतकों के नाम
मृतकों मे लोकेंद्र पुत्र राधेश्याम निषाद निवासी चिल्ला थाना चिल्ला जनपद बांदा उम्र 22 वर्ष, कुलदीप निषद पुत्र प्रेमचंद निवासी चिल्ला थाना चिल्ला जनपद बांदा उम्र 19 वर्ष, सावंत यादव निवासी भूरागढ़ बांदा, उम्र 28 वर्ष, सभाजीत निवासी भूरागढ़ जनपद बांदा, उम्र 30 वर्ष, पुष्पेंद्र सिंह चौहान पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी स्वासा खुर्द थाना ललपुर हमीरपुर, उम्र 34 वर्ष, राजेश पाल पुत्र सभाजीत निवासी अचपुरा थाना ललपर हमीरपुर, उम्र 42 वर्ष शामिल हैं. पिलर पर फंसे 3 लोगों में, अवधेश निषाद भूरागढ़ बांदा, कल्लू यादव भूरागढ़ बांदा, राजेश निषाद नरैनी बांदा के रहने वाले हैं.
