ISI के संपर्क में थे ये मामा-भांजे, भेज रहे थे संवेदनशील फोटो-वीडियो; जानें क्या थे मंसूबे

यूपी एटीएस ने हापुड़ में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करने वाले मामा-भांजे को गिरफ्तार किया है. ये मामा-भांजे संवेदनशील भारतीय स्थलों जैसे मंदिर, मेट्रो और सैन्य अड्डों की रेकी कर फोटो-वीडियो ISI हैंडलर को भेज रहे थे. खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर यह बड़ी कार्रवाई हुई, जिसने उनके जालंधर में अगले टारगेट को विफल कर दिया.

सांकेतिक तस्वीर

देश की खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर यूपी एटीएस और हापुड़ पुलिस ने दो आतंकियों को अरेस्ट किया है. ये दोनों आतंकी आपस में मामा-भांजे हैं और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम कर रहे थे. आईएसआई के इशारे पर ही ये दोनों मंदिरों, रेलवे एवं मेट्रो स्टेशनों और सैन्य अड्डों की निगरानी करते थे. यही नहीं, इन स्थानों की लोकेशन शेयर करने के साथ ही यहां संवेदनशील स्थानों के फोटो और वीडियो भी अपने हैंडलर को भेजते थे. इन आतंकियों की पहचान अजीम राणा और आजाद राजपूत के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक खुफिया एजेंसियों को इन आतंकियों के बारे में कुछ इनपुट मिले थे. इसके बाद एजेंसियों ने इनकी निगरानी रखनी शुरू कर दी. इसी दौरान इंस्टाग्राम और वाट्सऐप पर इन्होंने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से जुड़े लोगों से बात की. यही नहीं, ISI द्वारा पालित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के भी संपर्क में थे. इसकी सटीक जानकारी मिलने पर खुफिया एजेंसियों ने यूपी एटीएस और पुलिस को इनपुट दिया. इसके बाद पुलिस पार्टी ने इन दोनों को अरेस्ट कर लिया है.

दिल्ली के मंदिर और मेट्रो में की रैकी

पुलिस के मुताबिक इन दोनों आतंकियों ने पिछले दिनों दिल्ली के एक मंदिर और कई मेट्रो स्टेशनों में रैकी की. इन स्थानों से फोटो और वीडियो बनाकर अपने हैंडलर को भेजी थी. यही नहीं, इन आतंकियों ने कुछ स्थानों से लाइव वीडियो भी अपने आका को शेयर किया था. ये दोनों अपने आका से आम तौर पर वीडियो कॉल पर ही बात करते थे. इस दौरान इन्हें टास्क दिया जाता था और टास्क पूरा करने पर इन्हें मोटी रकम भी मिलती थी. पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में इन मामा-भांजे के अलावा भी कुछ लोग शामिल हो सकते हैं.

अगला टारगेट जलंधर

पुलिस के मुताबिक आईएसआई ने इन आतंकियों को एक नया टास्क दिया था. इसके लिए इन दोनों को पंजाब के जलंधर जाना था. दोनों वहां जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि पुलिस ने इन्हें धर दबोचा है. हापुड़ के धौलाना से अरेस्ट ये दोनों मामा-भांजों से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है. इसी के साथ पुलिस इनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की डिटेल भी खंगाल रही है. इससे पहले गाजियाबाद पुलिस ने 6 आतंकियों को अरेस्ट किया था. ये सभी आतंकी भी आईएसआई के लिए काम कर रहे थे.

Follow Us