बेटे-पोते पर एसिड अटैक, फिर खुद कर ली सुसाइड; मां ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने पेंशन विवाद के चलते अपने बेटे और पोते पर तेजाब डाल दिया. इसके बाद महिला ने स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

उत्तर प्रदेश पुलिस

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने पहले अपने बेटे के ऊपर एसिड डाला, फिर पोते के ऊपर भी छिड़क दिया. इससे दोनों बुरी तरह से झुलस गए. इसके महिला खुद घर से बाहर निकल एक पेड़ से फंदा लगाकर लटक गई. जानकारी होने पर पड़ोसियों ने बेटे और पोते को अस्पताल पहुंचाया, वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव क्बजे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

इस घटनाक्रम के पीछे महिला को मिलने वाली पेंशन का विवाद बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात फलावदा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में रहने वाले इस परिवार में बहस हुई थी. इसके बाद 65 वर्षीय सुमित्रा देवी ने इस वारदात को अंजाम दिया. इसमें उनका 45 वर्षीय बेटा परमवीर और 14 वर्षीय पोता उदय गंभीर रूप से झुलस गए. आनन फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

मोबाइल के लिए हुई कहासुनी

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि सुमित्रा देवी को पेंशन मिली थी. उनका पोता इस रकम से मोबाइल खरीदने की जिद कर रहा था. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला इतना गहरा गया. पुलिस के मुताबिक सुमित्रा देवी का बेटा परमवीर फौज से रिडायर्ड होने के बाद शहर में परिवार के साथ रहता था. हाल ही में पेंशन के विवाद की वजह से वह गांव आया. चूंकि यहां परमवीर के पिता ब्रजवीर खुद बीमार चल रहे थे, इसलिए गांव के घर में तनाव की स्थिति थी.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची फलावदा थाना पुलिस और सीओ मवाना पंकज लवानिया ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. फलावदा थाना प्रभारी पूनम जादौन के मुताबिक इस घटना में महिला की मौत हो गई है. वहीं उनका बेटा और पोता जख्मी हैं. घटना के पीछे घरेलू विवाद का मामला सामने आया है. मामले की जांच जारी है.

Follow Us