‘तुम्हारे सामने ही मरना चाहता हूं…’ पति के मैसेज पर पत्नी ने दिया ऐसा जवाब, देखते ही युवक ने लगा ली फांसी
कानपुर में वैवाहिक कलह के चलते एक ऑटो चालक राजा दिवाकर ने आत्महत्या कर ली. पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी द्वारा 'कायर' कहे जाने पर राजा ने उसे व्हाट्सएप पर मैसेज किया कि वह उसके सामने मरना चाहता है. इसके बाद उसने फांसी लगा ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोबाइल चैट को अहम सबूत मान रही है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने सुसाइड कर लिया. सुसाइड से पहले युवक ने अपनी पत्नी को मैसेज किया, लिखा कि वह उसके सामने ही मरना चाहता है. पत्नी ने भी इसी भाषा में जवाब दिया तो युवक ने सुसाइड कर लिया. मामला कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में खरगपुर गांव का है. घटना की वजह वैवाहिक कलह और आपसी विवाद बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक खरगपुर गांव में रहने वाला 25 वर्षीय ऑटो चालक राजा दिवाकर ने शनिवार रात अपने घर में फांसी लगा लिया. घटना से पहले उसकी वाट्सऐप पर पत्नी से कुछ बहस हुई. बताया जा रहा है कि पत्नी ने उसे कायर कह कर संबोधित किया था. इसके जवाब में राजा ने भी लिख दिया कि वह उसके सामने मरना चाहता है. इसके बाद उसने घर में फंदा लगाकर लटक गया.
परिजनों ने बताई पूरी कहानी
परिजनों के मुताबिक राजा और उसकी पत्नी के बीच आए दिन झगड़े हो रहे थे. इसके चलते पत्नी करिश्मा कानपुर देहात स्थित अपने मायके चली गई थी. शनिवार की शाम राजा ने उसे फोन किया और घर वापस लौटने को कहा. इसी बात पर दोनों में गर्मागर्म बहस हुई और देखते ही देखते इनके बीच गाली-गलौज होने लगी. फिर राजा ने शाम 5:29 से 6:14 बजे के बीच पत्नी को लगातार तीन बार वीडियो कॉल किया.
मैसेज लिखा और दे दी जान
तीनों बार पत्नी ने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद राजा ने व्हाट्सएप पर मैसेज लिखा कि “मैं तेरे सामने फांसी लगाकर मरना चाहता हूं, वीडियो कॉल कर और अभी देख”. इसके बाद राजा ने गले में फांसी का फंदा लगाकर फोटो खिंचा और इसे भी भेज दिया. इसके जवाब में पत्नी ने भी लिख दिया कि “ठीक है, तुम्हें मरना है तो मरो… मैं अपने बच्चे को बताऊंगी कि उसका बाप कायर था”. यह मैसेज पढ़ने के बाद राजा ने सुसाइड कर लिया.
अगले दिन हुआ खुलासा
रविवार की सुबह जब राजा मां माया और भाई सोनू की आंख खुली, तो इन्होंने कमरे में राजा को लटके हुए देखा. इसके बाद घर में कोहराम मच गया. सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पहुंची सेन पश्चिम पारा थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है, जिसमें व्हाट्सएप चैट और आखिरी कॉल के साक्ष्य मिले हैं. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.