मुरादाबाद में ओवैसी का बड़ा सियासी दांव! पूर्व सपा MLA अनीसुर्रहमान सैफी AIMIM में शामिल
मुरादाबाद की कांठ विधानसभा में पूर्व विधायक अनीसुर्रहमान सैफी के AIMIM में शामिल होने से समाजवादी पार्टी को बड़ा सियासी झटका लगा है. ओवैसी के इस दांव से 2027 चुनाव में सपा के बेहद करीबी कमाल अख्तर की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी को एक बड़ा सियासी झटका लगा है. कांठ विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे अनीसुर्रहमान सैफी ने सपा का साथ छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का दामन थाम लिया है. लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में अनीसुर्रहमान सैफी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
इस दौरान पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मेहताब चौहान, जिला अध्यक्ष मोहिद फरगानी, प्रदेश सचिव वकी रशीद और प्रदेश सचिव जकी राईनी समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे. साल 2012 में पीस पार्टी के टिकट पर कांठ से विधायक चुने गए अनीसुर्रहमान बाद में सपा में शामिल हो गए थे, और 2017 के विधानसभा चुनाव में अनीसुर्रहमान सैफी ने सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ते हुए बेहद कम अंतर से हार का सामना किया था.
अब 2027 चुनाव से ऐन पहले ओवैसी द्वारा खेला गया यह दांव पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा उलटफेर करने वाला माना जा रहा है. अनीसुर्रहमान सैफी की इस एंट्री ने सीधे तौर पर कांठ के मौजूदा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कमाल अख्तर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बेहद करीबी और पार्टी का बड़ा मुस्लिम चेहरा माना जाता है.
सियासी गलियारों में इस बात की तेज चर्चा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में AIMIM अनीसुर्रहमान सैफी को कांठ सीट से अपना प्रत्याशी बना सकती है. यदि ऐसा होता है, तो समाजवादी पार्टी को इस सीट पर बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. दरअसल, अनीसुर्रहमान का अपनी सैफी बिरादरी और स्थानीय मतदाताओं में गहरा प्रभाव है.
परंपरागत रूप से यह वोट बैंक समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा रहा है, लेकिन बिरादरी के नेता के मैदान में उतरने से सैफी और मुस्लिम वोटों में सीधा बंटवारा होने की प्रबल आशंका है, जो कमाल अख्तर और सपा के चुनावी समीकरण को बुरी तरह बिगाड़ सकता है.
