6 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए पति को देती रही स्लो पॉइजन, खाने में मिलाती थी लेड, 2 साल बाद गिरफ्तार
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रिश्तों को झकझोरने वाला मामला सामने आया है. एक पत्नी ने प्रॉपर्टी के लालच में पति को दो साल तक 'स्लो पॉयजन' दिया. बेटी की जानकारी के बाद पति ने पुलिस को बताया. जांच में पत्नी ने कबूला कि प्रॉपर्टी के लिए उसने यह साजिश रची.
अब तक किसी पॉलिटिशियन, फिल्म स्टार या किसी हाई प्रोफाइल शख्स को स्लो पॉयजन देने के मामले सामने आते थे, लेकिन गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक पत्नी लगातार अपने पति को स्लो पॉयजन यानी led दे रही थी, ताकि पति धीरे धीरे बीमार हो और उसकी मौत हो जाए और करोड़ों की प्रॉपर्ट पत्नी को मिल जाए. ये केस किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं.
दरअसल, सुशील भटनागर अपने परिवार के साथ इंदिरापुरम इलाके में रहते थे. परिवार में पत्नी रेणु भटनागर एक 16 साल का बेटा और 12 साल की बेटी थी. इसके साथ ही भांजे और भांजी भी घर में रहते थे. पिछले करीब 2 साल से अचानक सुशील की तबीयत काफी खराब हो जाती थी. कई बार वह अस्पताल में एडमिट हुए और आईसीयू तक में भी भर्ती हुए.
वहीं, अगस्त में डॉक्टर ने जांच के दौरान पाया कि उनके शरीर में लेड की मात्रा जरूरत से ज्यादा है, जो जानबूझकर कोई उनको दे रहा होगा. लेड एक तरह का जहर होता है. सुशील जानने की कोशिश कर रहा था कि आखिर यह लेड उसके शरीर में कैसे जा रहा है, इस बीच एक दिन सुशील की 12 साल की बेटी ने बताया कि मम्मी खाने में कुछ मिलाती है.
कड़ाई से पूछताछ पर पत्नी ने कबूला गुनाह
12 साल की बच्ची ने अपने पिता सुशील को बताया कि उसकी मम्मी उनके खाने में कुछ स्प्रे करके डालती हैं. इसके बाद सितंबर में सुशील इंदिरापुरम थाने पहुंचा और पूरी बात पुलिस को बताई कि उसे अपनी पत्नी के ऊपर शक है कि वह उसे खाने में जहर दे रही है. पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और सुशील की पत्नी रेणु भटनागर से पूछताछ शुरू की.
पहले तो आरोपी पत्नी रेणु भटनागर ने कुछ बताने से इनकार किया, लेकिन पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो रेनू ने खौफनाक खुलासा किया कि प्रॉपर्टी के लालच में वह पिछले करीब 2 साल से अपने पति को खाने में स्लो प्वाइजन यानी लेड दे रही थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर लिया.
6 करोड़ की प्रॉपर्टी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस थे
पुलिस के सामने रेनू ने बताया कि ट्रेवल्स का काम करने वाले उसके पति सुशील का तकरीबन 6 करोड़ की प्रॉपर्टी है और साथ ही दो करोड रुपए का इंश्योरेंस पॉलिसी भी है. जिसकी नॉमिनी रेनू है. इसी करोड़ों की प्रॉपर्टी के लालच में उसने सोचा कि पति को धीरे-धीरे जहर देने से वह बीमार रहेगा और अचानक उसकी मौत हो जाएगी और किसी को शक नहीं होगा.
आरोपी पत्नी ने सब साजिश के तहत किया, ताकि पूरी प्रॉपर्टी की वह खुद मालकिन बन जाएगी. और इसीलिए पिछले करीब 2 साल से रेनू सुशील के खाने में लेड डालकर उसे धीरे-धीरे जहर दे रही थी और धीरे-धीरे सुशील की तबीयत बहुत खराब होने लगी. जिसके बाद कई बार उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा.
बेटा और भांजा को भी स्लो पॉयजन दिया गया
सुशील भटनागर और रेनू के पड़ोस में रहने वाले महिला का कहना है कि हर रोज पति-पत्नी साथ में टहलते थे. हंसी मजाक करते थे और खुश रहते थे .कभी पति-पत्नी के बीच में कोई झगड़ा नहीं हुआ और ऐसे में उन्हें जरा भी यकीन नहीं हो रहा कि कैसे रेनू जैसी सीधी शादी पत्नी अपने पति की हत्या करने के लिए खौफनाक साजिश रच सकती है .
42 वर्षीय रेणु भटनागर को पुलिस ने 23 नवंबर को दिल्ली के झिलमिल कॉलोनी स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया. पति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सुशील के अलावा 16 वर्षीय बेटा वंश और 21 वर्षीय भांजा देव को भी स्लो पॉयजन दिया गया. पुलिस जांच में खाने में लेड (सीसा) मिलाने का आरोप सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक, 2024-25 के दौरान लगातार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लेड दिया गया. पुलिस अब जांच कर रही है कि अपने पति को जहर देने के लिए स्प्रे कहां से खरीदा गया? क्या पत्नी के परिवार के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल थे? क्या इस साजिश में अन्य लोगों की भूमिका थी? रेणु पर हत्या के प्रयास, जहर से नुकसान पहुंचाने और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज है.
रिपोर्ट- पुनीत शर्मा, टीवी9, गाजियाबाद
