कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी नौशाद एनकाउंटर में गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की. मुख्य आरोपी नौशाद अली को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया. घायल हालत में उसे अस्पताल में भराती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, नौशाद अली आरोपी भागने की फिराक में था.

मुख्य आरोपी नौशाद अली पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद कौशांबी पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने सोमवार को हुए धमाके के मुख्य आरोपी बताए जा रहे नौशाद अली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है. पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.

पुलिस के अनुसार, नौशाद अली पटाखा फैक्ट्री के आरोपी मोहम्मद आदिल का पिता बताया जा रहा है. सोमवार को पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर आदित्य नाम से संचालित बताए जा रहे पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट हुआ था. हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोगों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने घेरा

डीएसपी चायल शिवांक सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की थीं. पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं इसी दौरान 1 सितंबर की सुबह करीब चार बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है.

आरोपी नौशाद अली चरवा थाना क्षेत्र में 13 मील सराय अकील मार्ग से भागने की कोशिश कर रहा था. सूचना मिलते ही SOG और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर दी. इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जबाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली नौशाद के पैर में लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

इलाज के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती

गोली लगने के बाद पुलिस ने घायल नौशाद को इलाज के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा है. उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के जरिए पटाखा फैक्ट्री के संचालन, धमाके की वजह और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

बता दें कि कौशांबी में सोमवार सुबह पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया था. विस्फोट के कारण आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई घर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए. जांच एजेंसियां पटाखा फैक्ट्री में रखे गए विस्फोटक पदार्थों, सुरक्षा मानकों और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं.

Follow Us