‘सोच नई है तो यूनिफॉर्म भी नई होनी चाहिए’, अखिलेश ने बताया NEO INDIA का नया विजन
अखिलेश यादव ने 'NEO INDIA' का विजन पेश किया है, जिसका लक्ष्य युवाओं को समाजवादी पार्टी से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच नई है तो यूनिफॉर्म भी नई होनी चाहिए. यूनिफॉर्म एक विशेष पहचान भी देती है, जिसके साथ अनुशासन और कर्तव्य का संकल्प जुड़ा होता है.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवाओं और नई पीढ़ी को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के अभियान के बीच ‘NEO INDIA’ का विजन सामने रखा है. अखिलेश ने X पर पोस्ट कर कहा कि जब नई पीढ़ी की सोच नई है तो उसकी यूनिफॉर्म भी नई होनी चाहिए. उन्होंने यूनिफॉर्म को समाजवादी मूल्यों, समानता, अनुशासन और कर्तव्य से जोड़ते हुए इसके राजनीतिक-सामाजिक संदेश को स्पष्ट किया.
अखिलेश यादव ने कहा कि यूनिफॉर्म पहनावे के भेद से पैदा होने वाली गैरबराबरी को खत्म करके ‘यूनिफॉर्मिटी’ लाती है. उनके मुताबिक, यही समाजवाद के बराबरी के सिद्धांत को और मजबूत करती है. उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म एक विशेष पहचान भी देती है, जिसके साथ अनुशासन और कर्तव्य का संकल्प जुड़ा होता है.
स्कूल-कॉलेजों में जाएगी ‘यूथ फोर्स’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी ‘यूथ फोर्स’ स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाकर युवाओं को समाजवादी विचारधारा से जोड़ेगी. यह टीम युवाओं को PDA के Positive, Progressive, Democratic और Affirmative Actions के बारे में बताएगी और PDA आंदोलन के ‘बड़े विचार’ को समझाएगी.
अखिलेश ने PDA की व्याख्या करते हुए कहा कि ‘जो पीड़ित, वो पीडीए’. उन्होंने इसे ‘पीड़ित, दुखी और अपमानित’ लोगों के सकारात्मक समूह का नाम बताया. साथ ही कहा कि ‘प्रेम, दया और अपनापन’ ही PDA को एकजुट करता है और एकजुट रखता है.
‘बंधुराष्ट्र’ के संकल्प में युवा प्रेरणा और शक्ति
अखिलेश ने अपने पोस्ट में ‘बंधुराष्ट्र’ बनाने के संकल्प को भी दोहराया. उन्होंने कहा कि युवा इस संकल्प की प्रेरणा भी हैं और शक्ति भी, क्योंकि युवा मूल रूप से भेदभाव को नहीं मानते और सबको ‘बंधु’ की तरह देखते हैं. उनके मुताबिक बंधुत्व मित्रता का ही दूसरा रूप है और Fraternity तथा Friendship एक ही भावना के दो रूप हैं.
‘अब तुम्हारे हवाले भविष्य, NE0 INDIA बनाओ’
अखिलेश यादव ने युवाओं से भविष्य की जिम्मेदारी संभालने का आह्वान करते हुए कहा, ‘अब तुम्हारे हवाले भविष्य साथियों, आप सब आगे बढ़ो और NEO INDIA बनाओ.’
उन्होंने कहा कि NEO INDIA के आधार में बराबरी होगी, जो प्रेम, दया और अपनापन जैसे मानवीय सिद्धांतों पर आधारित होगी. उनके अनुसार यह सोच भारत की ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की महान परंपरा के अनुरूप युवाओं को बड़े विचारों वाला Positive Progressive Global Citizen बनाएगी, जो पूरी दुनिया को खुले दिल से गले लगाएगा.