‘सपा में होगी बड़ी टूट, रामगोपाल यादव ने अमित शाह को लिखी चिट्ठी’, यूपी के कैबिनेट मंत्री का बड़ा दावा
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा कर दिया है. उन्होंने कहा कि सपा में बड़ी टूट होगी. महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है. उन्होंने यह भी दावा किया कि रामगोपाल यादव ने इसको लेकर अमित शाह को चिट्ठी भी लिखी है.
पश्चिम बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र शिवसेना (उद्धव गुट) के अंदर दल-बदल और टूट की चर्चाओं के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा दावा सामने आया है. यह दावा योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने किया है. उन्होंने कहा है कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी.
रामगोपाल यादव ने अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है- ओपी राजभर
ओमप्रकाश राजभर ने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करते हुए कहा कि ‘राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है.खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है. शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है.महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है.’
ओमप्रकाश राजभर का यह ट्टीट राजनीति गलियारों में इसलिए चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो रही है. हालांकि, राजभर के दावे पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि बीजेपी के और उनके सहयोगी बौखलाए हुए हैं. ओमप्रकाश राजभर अपनी दुकान चलाने के लिए ऐसा कर रहे हैं.
अवैध खनन मामले को लेकर ओपी राजभर का अखिलेश पर निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने एक मीडिया एजेंसी से बात करते हुए सपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव पर सीधा निशाना साधते हुए दावा किया कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक गुप्त पत्र भेजा है, जिसमें कुछ नाम देकर उन्हें अपने साथ ले जाने और खुद को सुरक्षित रखने की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि सीबीआई ने अवैध खनन मामले में भी अखिलेश नाम दर्ज किया है, और सवाल उठाया कि गोमती रिवरफ्रंट घोटाले में अब तक कोई जेल क्यों नहीं गया.
अखिलेश को टार्गेट कर लगातार ट्वीट कर रहे हैं ओपी राजभर
बता दें ट्विटर पर अखिलेश यादव और ओम प्रकाश राजभर के बीच जुबानी जंग जारी है. दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है. हाल ही में ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को टार्गेट करते हुए कहा था कि घूमने ही जाना था तो काशी चले जाते, अयोध्या, मथुरा, नैमिष या मां विंध्यवासिनी के धाम में मत्था टेक आते. आप जाते तो लोकल व्यापारियों को कुछ न कुछ रोजगार तो मिल ही जाता. गरीब फूल-मिठाई-पूजा सामग्री बेचने वालों के घर का चूल्हा जलता, छोटे होटल, ट्रांसपोर्ट वाले और तरक्की करते. मीडिया दिखा देती है तो अपने उत्तर प्रदेश के पर्यटन को भी बल मिलता.
उन्होंने आगे कहा कि ‘मगर का बताईं, तोहें त लंदने-पेरिस पसंद ह! नवाबी शौक पाल लेले हउवा…लंदन जा के पता नहीं कौन-कौन सी कव्वाली सुनते हैं आप? सुना है लंदन के रेडब्रिज में पाकिस्तानी बहुत हैं और आप ठहरे ‘उभरते हुए कव्वाल’। तो रेडब्रिज में ही लाल टोपी पहन के पाकिस्तानी कव्वाली की ट्रेनिंग तो नहीं ले रहे… अलग ही आनंद आता होगा ना? आपको अपने पासपोर्ट पर विदेशी मोहर लगवाने में बड़ा फख्र महसूस होता होगा और भारत के पर्यटन स्थल शायद आपके स्टैंडर्ड से मैच नहीं खाते… यही बात है न?’