दिल्ली से UP के लिए मिली एक और ट्रेन, आसान होगा पुरुलिया-रांची का सफर; रूट फाइनल

दिल्ली से पुरुलिया तक एक नई ट्रेन सेवा शुरू हो रही है, जिससे लखनऊ, बनारस और रांची का सफर आसान होगा. यह ट्रेन आनंद विहार से चलकर यूपी, बिहार, झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल पहुंचेगी. 14 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी इसका शुभारंभ करेंगे. इससे यात्रियों, व्यापारियों और कामगारों को बेहतर विकल्प मिलेगा और भीड़ कम होगी.

ट्रेन (सांकेतिक तस्वीर) Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लखनऊ बनारस के लिए एक और ट्रेन मिल गई है. दिल्ली के आनंद विहार से चलकर यह ट्रेन लखनऊ बनारस के रास्ते झारखंड की राजधानी रांची होते हुए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया तक जाएगी. अभी लखनऊ से रांची-पुरुलिया के लिए एक मात्र ट्रेन थी, लेकिन इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को एक बेहतर विकल्प मिलेगा. वहीं दिल्ली से लखनऊ-बनारस की यात्रा करने वाले लोगों को भी एक विकल्प मिल जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 मार्च को पश्चिम बंगाल से इस ट्रेन का शुभारंभ करेंगे. इस संबंध में भारतीय रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक जल्द इस ट्रेन का टाइम टेबल जारी कर दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि यह ट्रेन नियमित चलेगी. पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से शुरू होकर यह ट्रेन रामगढ़, रांची, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा होते हुए बिहार के रोहतास, कैमूर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगी. फिर चंदौली, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी.

अभी एक ही ट्रेन का है विकल्प

राजधानी लखनऊ से पुरुलिया जाने के लिए फिलहाल यात्रियों के पास केवल एक ही ट्रेन अमृतसर-टाटा एक्सप्रेस है. यह ट्रेन भी सप्ताह में केवल दो दिन चलती है. माना जा रहा है कि अब नियमित और नई ट्रेन शुरू होने से लखनऊ से पुरुलिया या रांची जाने वाले यात्रियों को एक बेहतर विकल्प मिलेगा. वहीं इस ट्रेन के रोजाना चलने की वजह से भीड़ भी कम होगी. इसी प्रकार दिल्ली से लखनऊ-बनारस जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक और ट्रेन मिल जाएगी.

इन यात्रियों के लिए बड़ी खबर

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ-बनारस से बड़ी संख्या में व्यापारी-व्यवसायी रांची में कारोबार करते हैं. इसके अलावा यहां से काफी संख्या में कारीगर भी रांची-पुरुलिया आते जाते हैं. चूंकि अब तक चल रही इकलौती ट्रेन में मुश्किल से सीट मिल पाती थी, ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी के मुताबिक नई ट्रेन चलने से ना कवेल दिल्ली से पुरुलिया की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि टिकट बुकिंग में भी व्यापारियों और कामगारों को सुविधा मिलेगी.

Follow Us