लखनऊ में कार पार्किंग विवाद में त्रिपल मर्डर! बाप-बेटे की मौके पर मौत, चाचा ने अस्पताल में दम तोड़ा
लखनऊ के सआदतगंज में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. झगड़ा इतना बढ़ा कि आरोपी ने फायरिंग कर दी. इसमें पिता-पुत्र और चाचा की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है.
लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में कार पार्किंग विवाद में तीन लोगों की हत्या कर दी गई. कार पार्किंग को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था, जो देखते-देखते खूनी वारदात में बदल गया. एक पक्ष ने दूसरे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इसमें पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि तीसरे घायल चाचा ने अस्तपताल में दम तोड़ दिया है.
घटना सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके की है. मौके पर पहुंचे डीसीपी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि डैटसन कार को खड़ी करने का विवाद हुआ, जिसके बाद हत्यारा ऋषभ शुक्ला द्वारा पिस्तौल से गोलीबारी शुरू कर दी गई. आरोपी ऋषभ को मौके से भागते समय एक सिपाही ने दबोच लिया. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में पूछताछ करने में जुटी है.
फायरिंग में बाप-बेटे और चाचा की मौत
फायरिंग में मौत होने वालों की पहचान शिवाजी तिवारी और उनके बेटे सुयश तिवारी के रुप में हुई है, इन दोनों की मोके पर ही मौत हो गई थी. जबकि शिवाजी तिवारी के भाई और सुयश के चाचा शभु तिवारी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें नजदीकी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शभु तिवारी को मृत घोषित कर दिया गया.
निहत्थे सिपाही ने आरोपी को पीछा कर दबोचा
बताया जा रहा है कि शभु तिवारी यूनिवर्सिटी में काम करते थे और सुयश की बिजली की दुकान थी. फायरिंग की घटना के बाद मौके पर एक निहत्थे सिपाही ने आरोपी ऋषभ को भागते हुए पीछा करते दबोचा. आरोपी ऋषभ शुक्ला नेवी में नौकरी करता है. वहीं, लखनऊ में दिनदहाड़े त्रिपल मर्डर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया
घटना के बाद नौबस्ता पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया है. साथ ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद के दौरान गोली किन परिस्थितियों में चलाई गई और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं.