नाबालिग से ट्रेन में दोस्ती, फिर दरिंदगी… दोस्तों को भी परोसा; कांस्टेबल ने कैसे नरक बना दी लड़की की जिंदगी?
गाजीपुर में एक पुलिस कांस्टेबल ने नाबालिग लड़की से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर रेप किया. उसने लड़की को ब्लैकमेल भी किया. पीड़िता ने अपनी आपबीती का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई.
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पुलिस कांस्टेबल ने एक नाबालिग लड़की से दोस्ती की. फिर शादी का झांसा देकर उसे होटल ले जाकर रेप किया. यही नहीं, आरोपी ने लड़की को ब्लैकमेल कर अपने यार-दोस्तों के सामने भी परोसा. आरोपी की हरकतों से तंग आकर लड़की ने खुद एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
मामला गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र का है. यहां एक गांव में रहने वाली 17 वर्षीय पीड़िता के मुताबिक वह हाईस्कूल में पढ़ाई करती है. उसने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह अपनी बुआ के साथ लखनऊ गई थी. वापसी में ट्रेन में उसकी मुलाकात आरोपी कांस्टेबल मोहित से हुई. आरोपी ने खुद को गहमर थाने में तैनात बताया था. बातचीत के दौरान आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर दिया और फिर दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई.
शादी का झांसा देकर रेप
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन की बातचीत के बाद आरोपी ने शादी का झांसा दिया और उसे कई बार होटल में ले जाकर रेप किया. इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो बना लिए और बाद में इन्हीं वीडियो से ब्लैकमेल करते हुए आरोपी ने दूसरे लोगों के सामने भी परोसा. पीड़िता के मुताबिक जब भी उसने विरोध किया, आरोपी ने उसके वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया.
वायरल वीडियो पर हुआ एक्शन
परेशान होकर पीड़िता ने अपनी बुआ को आपबीती बताया. इसके बाद थाने में शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसी बीच पीड़िता ने अपनी आपबीती बताते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने किशोरी को जमानियां सर्किल कार्यालय में बुलाकर बयान दर्ज किया. इसके बाद दिलदारनगर थाने में तैनात आरोपी कांस्टेबल मोहित यादव समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.
