मौका-मौका-मौका…लखनऊ के प्राइम लोकेशन पर मिल रहे हैं प्लॉट-फ्लैट-दुकान
एलडीए ने गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज योजना में 149 आवासीय भूखंडों के साथ-साथ फ्लैट्स और शॉप्स समेत करीब 475 संपत्तियों के लिए ई-ऑक्शन शुरू किया है. इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 3,000 करोड़ रुपये है. इच्छुक खरीदार संपत्ति के आरक्षित मूल्य का 10 प्रतिशत बयाना जमा करके बोली में हिस्सा ले सकते हैं.
राजधानी लखनऊ में अपना मकान या व्यावसायिक संपत्ति प्राइम लोकेशन पर बनाने का सुनहरा मौका लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) लेकर आया है. एलडीए ने गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज योजना में 149 आवासीय भूखंडों को ई-नीलामी के लिए रखा है. 25 वर्गमीटर से लेकर 300 वर्गमीटर तक के ये प्लॉट बोली लगाकर खरीदे जा सकते हैं.
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर ई-ऑक्शन पोर्टल 28 मई तक खुला रहेगा. इस बार की नीलामी में कुल 475 संपत्तियां लगाई गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3,000 करोड़ रुपये है. इच्छुक खरीदार संपत्ति के आरक्षित मूल्य का 10 प्रतिशत बयाना जमा करके बोली में हिस्सा ले सकते हैं.
गोमती नगर विस्तार में आकर्षक प्लॉट
गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में लैंड ऑडिट के जरिए कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर 12 आवासीय भूखंड विकसित किए गए हैं. इनकी साइज 112 से 225 वर्गमीटर है और आरक्षित दर 36,000 रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है. इन प्लॉट्स की कीमत लगभग 40 लाख से 82 लाख रुपये तक है.इसके अलावा सेक्टर-7 में ग्रुप हाउसिंग के लिए 2 नए भूखंड भी नीलामी में रखे गए हैं.
ग्रुप हाउसिंग और अपार्टमेंट का मौका
रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर ग्रुप हाउसिंग के 4 भूखंड लगाए गए हैं. इनकी बिक्री के बाद वजीरगंज क्षेत्र में बहुमंजिला अपार्टमेंट बनेंगे, जिससे घनी आबादी वाले इलाके में बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी.नीलामी में ग्रीनवुड, सतलज, सरयू एवं वनस्थली अपार्टमेंट, गोमती नगर के नेहरू इन्क्लेव और सुलभ आवास के फ्लैट भी शामिल किए गए हैं.
स्कूल और व्यावसायिक संपत्तियां भी नीलामी में
अनंत नगर योजना को एजुकेशन सिटी बनाने की दिशा में एलडीए ने 9 भूखंड शैक्षणिक संस्थानों के लिए आरक्षित रखे हैं. बसंतकुंज और कानपुर रोड योजना में भी स्कूल भूखंड नीलामी में हैं.व्यावसायिक गतिविधियों के लिए 50 से अधिक दुकानें और चबूतरे गोमती नगर, बालागंज, चौक, कंचन मार्केट और कानपुर रोड पर नीलामी में रखे गए हैं. ये सभी प्राइम लोकेशन पर हैं और निवेश की दृष्टि से बेहद आकर्षक माने जा रहे हैं.एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि इस नीलामी से लखनऊ के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को अपनी जरूरत के अनुसार प्रॉपर्टी खरीदने का अवसर प्राप्त होगा.