Pratik Yadav Death: CM योगी ने दी प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढांढस; कल होगा अंतिम संस्कार

बीजेपी नेता अपर्णा यादव और मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है. बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी. हाल ही में उन्हें मेदांता में भर्ती भी कराया गया था. तब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उनसे मिलने भी पहुंचे थे.

सीएम योगी ने प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि Image Credit:

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत का रहस्य गहरा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर के निचले हिस्से में खून का थक्का पाया गया है. वहीं मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है. इसी बीच सीएम योगी अपर्णा यादव के घर पहुंचे. उन्होंने प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया. प्रतीक यादव का आज बुधवार की सुबह निधन हो गया था. वहीं कल गुरुवार को बैकुंठ धाम पर उनका अंतिम संस्कार होगा.

प्रतीक की पत्नी अपर्णा बीजेपी नेता और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. कुछ वक्त पहले दोनों पति-पत्नी में मनमुटाव की खबरें आई थीं. प्रतीक ने अपर्णा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई सोशल मीडिया पोस्ट भी लिखे थे. हालांकि, बाद में दोनों ने अपने बीच हुए विवाद को सुलझा लिया था. उस दौरान प्रतीक ने अपने विरोधियों को गंदी गालियां देते हुए कहा था कि जिन लोगों को हमारे विवाद के सुलझने या फिर हमारे साथ आने से दिक्कत हो रही है, वो सबके सब भाड़ में जाएं.

Live Updates:

3:45 PM: प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उनकी मौत का रहस्य गहरा गया है. उनके शरीर के निचले हिस्से में खून का थक्का जमा हुआ था. जिसकी वजह से artitery और lungs में infection हुआ और cardiac अरेस्ट से उनकी मौत हुई.
Visra रिपोर्ट के बाद और चीज़े स्पष्ट होंगी

3:40 PM: CM योगी अपर्णा यादव के घर पहुंचे, कल गुरुवार को लखनऊ में 11 बजे बैकुंठ धाम पर प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा

3:24 PM: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि. थोड़ी देर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे अपर्णा यादव के घर

3:19 PM: पूर्व सीएम अखिलेश यादव अभी अभी अपर्णा यादव के के घर पहुंचे हैं.

2:36 PM: अपर्णा के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल भी उनके घर पहुंच गए हैं. खबर आ रही है सीएम योगी भी प्रतीक यादव के घर जाएंगे.

2:23 PM: प्रतीक का शव विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित उनके आवास पर लाया गया. उनकी पत्नी अपर्णा यादव भी घर पहुंच गई हैं.

1:50 PM: अपर्णा यादव लखनऊ पहुंच चुकी हैं. उनकी फ्लाइट डेढ़ बजे के आसपास अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड हुई .अब प्रतीक के शव को घर लाया जा रहा है.

1: 43 PM: प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार 14 मई यानी गुरुवार को गोमती नदी के किनारे पिपरा घाट पर होने की संभावना है. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक इसी घाट पर मुलायम सिंह के परिवार के लोगों का अंतिम संस्कार होता रहा है.

1:35 PM: प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम पूरा हो गया है. प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को कुल 6 डॉक्टरों ने अंजाम दिया था. पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की गई. पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित रख लिया गया है. अब इसे आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा.

1:00 PM: अपर्णा यादव की मां अम्बी बिष्ट भी प्रतीक के घर में पहुंच चुकी हैं. प्रतीक की दोनों बेटियां प्रथमा और प्रतीक्षा यादव भी घर पर ही हैं. फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है.

11:45 AM: अपर्णा यादव इस समय असम में थीं. वह दोपहर 1.30 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास पहुंच जाएंगी. वह असम से लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी हैं. दोपहर 12.30 बजे के करीब प्रतीक का शव पोस्टमॉर्टम हाउस से घर के लिए रवाना किया जाएगा.

11:19 AM: प्रतीक के जिम में जाने वाले सर्वेश पांडे नाम के युवक ने दावा किया कि रात के तकरीबन 11-12 बजे के पास प्रतीक की तबीयत खराब हुई. उन्हें उन्हें सिविल हॉस्पिटल लाया गया था. हालत सुधरने बाद वापस घर भेज दिया गया था. हालांकि, सुबह फिर उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

11:15 AM: लखनऊ के DCP सेंट्रल, प्रतीक यादव के घर पहुंच चुके हैं. उनके मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है. जानकारी के मुताबिक घर के किचन में प्रतीक बेहोशी की हालत में मिले थे. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रतीक दम तोड़ चुके थे. अब पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है, प्रतीक घर पर किन परिस्थितियों में थे.

10:15 AM: अखिलेश ने यह भी कहा कि मैं प्रतीक से दो महीने पहले मिला था. उस समय भी मैंने उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपने व्यवसाय को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी थी. कभी-कभी व्यापार में होने वाले नुकसान से लोग बहुत दुखी हो जाते हैं. वे अब हमारे बीच नहीं हैं. हम उपलब्ध सभी कानूनी रास्तों का पालन करेंगे.

10:11 AM: अखिलेश यादव ने कहा- मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है. आज वे हमारे बीच नहीं है. हमें इस बात का बहुत दुख है. वे जीवन में आगे बढ़कर काम करना चाहते थे. यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं. कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे हम उसी बात को मानेंगे.

10:07 AM: मौत की जांच को लेकर अखिलेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा है. प्रतीक जीवन में बड़ा काम करना चाहते थे. वह मेहनत कर जीवन में आगे बढ़ना चाहते थे. बचपन से ही वे अपने स्वास्थ्य और शारीरिक तंदुरुस्ती के प्रति बहुत सजग थे और जीवन में आगे बढ़कर सार्थक योगदान देना चाहते थे. 

10:05 AM: प्रतीक यादव को कुछ दिनों पहले गंभीर हालत में लखनऊ के निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया था. बताया जा रहा है कि वो पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चपेट में थे, फेफड़ों की इस गंभीर बीमारी को जानलेवा माना जाता हैं. इसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन को अचानक रोक देता है. इलाज पूरा होने से पहले ही वो ICU से घर चले गए थे.

9:50 AM: सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन की खबर सुनकर अखिलेश यादव केजीएमयू पहुंच गए हैं. वहीं, प्रतीक पत्नी अपर्णा भी असम से लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं. अखिलेश ने अपने एक्स अकाउंट पर भी ट्वीट कर अपने सौतेले भाई प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दी.

9: 30 AM: प्रतीक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए KGMU भेज दिया गया है. 4 डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम कर रही है. पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की गई है. फिलहाल, लखनऊ पुलिस ने प्रतीक के घर पहुंचकर उनका फोन कब्जे में ले लिया है.

9:20 AM: प्रतीक के निधन के बाद लखनऊ पुलिस अपर्णा के घर जाएगी. पुलिस ने प्रतीक यादव के फोन को अपने कब्जे में लिया. घर में किस परिस्थिति में थे पुलिस उसका विवरण लेगी. पारिवारिक सूत्र बता रहे हैं कि प्रतीक यादव घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे. सुबह 4:55 पर घर में मौजूद लोगों ने अस्पताल को इस बात की जानकारी दी.

8:40 AM: प्रतीक यादव का शव पोस्टमॉर्टम के लिए लखनऊ स्थित KGMU मुर्दाघर लाया गया है. अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट भी अस्पताल पहुंचे हुए हैं. बताया जा रहा है कि प्रतीक की तबीयत जब खराब हुई तो अपर्णा वहां मौजूद नहीं थी. वह बीती रात दिल्ली में थी. पति की मौत की सूचना के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं.

8:27 AM: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक जाहिर किया. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.

8:24 AM: प्रतीक यादव की मौत पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट कर शोक जाहिर किया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि ‘पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’

8:20 AM: प्रतीक यादव को सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था. अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो उनका निधन हो चुका था. फिलहाल, अस्पताल के बाहर भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी है. प्रतीक की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू ले जाया जाएगा.

Follow Us