राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की टक्कर की होगी जांच, UP पुलिस ने गठित की SIT

राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की टक्कर के बाद यूपी पुलिस ने तीन सदस्यीय SIT गठित किया है. यह टीम दुर्घटना के कारणों, सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक और ट्रैफिक प्रबंधन की गहन पड़ताल करेगी. इस टीम की अध्यक्षता लखनऊ रेंज की IG किरण एस. करेंगी.

यूपी SIT करेगी राहुल गांधी के काफिले की टक्कर की जांच Image Credit:

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की टक्कर के बाद यूपी पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है. यूपी पुलिस के महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर SIT का गठन किया गया है. टीम हादसे की वजह, परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की जांच करेगी और इसकी रिपोर्ट पुलिस हेडक्वार्टर में जमा करेगी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले के साथ यह घटना तब हुई जब वह लखनऊ से सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होने जा रहे थे. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 91 किलोमीटर माइलस्टोन के पास काफिले की 5 गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं. हादसे में राहुल गांधी सुरक्षित थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षा से जुड़े कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.

लखनऊ रेंज की IG करेंगी टीम को लीड

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस तीन सदस्यीय एसआईटी टीम की अध्यक्षता लखनऊ रेंज की पुलिस महानिरीक्षक (IG) किरण एस. को सौंपा गया है. जबकि सुलतानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और सुलतानपुर के यातायात पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को SIT के मेंबर के तौर पर शामिल किया गया है.

SIT की टीम एक्सीडेंट के कारणों और हालात के साथ-साथ किसी भी संभावित लापरवाही की डिटेल में जांच की जाएगी. जांच में सिक्योरिटी, एस्कॉर्ट अरेंजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट में किसी भी तरह की कमी की भी जांच की जाएगी. SIT को जल्द से जल्द पुलिस हेडक्वार्टर को एक पूरी जांच रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है.

कांग्रेस नेताओं की एक गाड़ी ने अचानक लगाए ब्रेक

बयान के मुताबिक, जांच दल को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुझाने का भी निर्देश दिया गया है. अधिकारी के मुताबिक, काफिले में सबसे आगे चल रही स्थानीय कांग्रेस नेताओं की एक निजी गाड़ी ने किसी अज्ञात कारण से अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रहे वाहन एक-दूसरे से टकरा गए.

Follow Us