11 चोटें, फेफड़ा-लीवर डैमेज… श्रद्धा के घर में शिवा संग जुल्म की इंतिहा, दिल दहला देगी PM रिपोर्ट
शिवा शर्मा हत्याकांड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने दिल दहला देने वाले खुलासे किए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, शिवा को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके फेफड़े-लिवर समेत कई अंग डैमेज हुए. बाद में उसे चौथी मंजिल से फेंका गया.
राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत को लेकर दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो तो गर्लफ्रेंड श्रद्धा के घर में शिवा को नरक जैसी यातना दी गई. उसे निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा गया. इस मारपीट के दौरान जब वह बेदम हो गया तो उसे उठाकर चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उसके मौत की वजह मारपीट से लगा सदमा और खून का बहना बताया गया है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिवा शर्मा जब नीचे गिरा तो उसकी मौत हो चुकी थी. उस समय वह अंडरवीयर में था. उसके शरीर पर जगह जगह चोट के निशान साफ नजर आ रहे थे. फोरेंसिक डॉक्टर ने शिवा के शव पर 11 बाहरी चोट मार्क किए हैं. वहीं शरीर के अंदरुनी हिस्सों में चार से पांच जगह ऑर्गन डैमेज बताया गया है. इसमें उसके दोनों फेफड़ों के अलावा लिवर और स्प्लीन यानी तिल्ली डैमेज की बात कही गई है. साथ ही दाहिनी पेल्विक हड्डी में फ्रैक्चर बताया गया है.
क्या मर्डर का है मामला?
शिवा की मौत को लेकर स्थिति काफी हद तक साफ हो चुकी है. जिस प्रकार से उसके शरीर पर चोट के निशान हैं, यह मामला सीधे तौर पर मर्डर की कहानी बता रहा है. हालांकि पुलिस अभी भी हादसा, सुसाइड और मर्डर के बीच उलझी हुई है. इसकी एक वजह शिवा की कथित गर्लफ्रेंड श्रद्धा की फरारी भी है. दरअसल, घटना के बाद से ही श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल और एक्स बॉयफ्रेंड आमिर फरार हैं.
नौ अक्टूबर की है घटना
लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से 9 अक्टूबर की रात गिरकर 28 वर्षीय कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हुई थी. इस घटना के 2 सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं. शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा के मुताबिक श्रद्धा के ड्राइवर आदिल ने उन्हें फोन कर बताया था कि शिवा की तबियत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है.
अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि शिवा की मौत हो चुकी है. कहा कि उनके अस्पताल पहुंचते ही उसे अस्पताल पहुंचाने वाले लोग भाग गए. रंजना शर्मा के मुताबिक उनके बेटे को कई महीनों से प्रताड़ित किया जा रहा था. उस पर संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया जा रहा था.