वोटर लिस्ट में सुधारना है नाम-पता या जुड़वाना है नाम, तुरंत पहुंचिए पोलिंग बूथ; आज चुटकी में हो जाएगा काम

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में सुधार और नए नाम जुड़वाने के विशेष अभियान के तहत आज सभी पोलिंग बूथों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है. चुनाव आयोग ने बीएलओ को पोलिंग बूथों पर भेजा है ताकि लोग नाम, पता, फोटो में सुधार करा सकें या 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकें. इसके लिए सभी बूथों पर फॉर्म-6 और फॉर्म-8 उपलब्ध कराया गया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

यदि आप का नाम भी वोटर लिस्ट में गलत छपा है, फोटो पुरानी है या पते में कोई करेक्शन कराना है तो फिर आपके लिए सुनहरा मौका है. चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में आज के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत सभी बूथ लेबल अधिकारियों (BLO) को बूथों पर भेज दिया है. ये बीएलओ मतदाताओं से संबंधित फार्म भरवाकर मौके पर इस तरह के करेक्शन का काम करेंगे. इस दौरान यदि कोई व्यक्ति 18 साल की आयु पूरी कर चुका होगा तो मौके पर ही उसके नाम वोटर लिस्ट में जोड़े जाएंगे.

उत्तर प्रदेश में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने इस संबंध में प्रेसनोट जारी कर लोगों से बूथों पर आने और अपने नाम में सुधार कराने की गुजारिश की है. गाजियाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने प्रेसनोट में बताया है कि शनिवार 31 जनवरी को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है. इस कार्यक्रम के तहत सभी बीएलओ अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे और वोटर लिस्ट में सुधार का काम करेंगे.

नए वोटर बनाने के लिए अभियान

जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक यह कार्यक्रम खासतौर पर नए वोटर बनाने के लिए शुरू किया गया है. इस कार्यक्रम के तहत 31 जनवरी तक 18 साल की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े जाएंगे. इसके लिए जिलाधिकारी ने युवा वर्ग को इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने का आग्रह किया है. उन्होंने बताया कि पहले से बनी वोटर लिस्ट में यदि किसी वोटर का नाम गलत है, अधूरा है तो उसे भी सुधार किया जाएगा. इसके अलावा पते में बदलाव या फोटो बदलने का काम भी किया जाएगा.

भरे जाएंगे ये फार्म

सभी पोलिंग बूथों पर पहुंचे बीएलओ अपने साथ फॉर्म-6 (नया नाम जुड़वाने के लिए) और फॉर्म-8 (संशोधन/पता परिवर्तन के लिए) लेकर पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि मौके पर ही बीएलओ मतदाताओं से ये फार्म भरवाएंगे और संशोधन की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर देंगे. इसके लिए उन्होंने सभी मतदाताओं को नागरिकता एवं अन्य सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाने को कहा है. उन्होंने बताया कि जो मतदाता बूथों पर नहीं जा सकते, वो ECINET Mobile App अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.