बेटी की शादी कर रांची से लौट रहा था परिवार, तभी मऊ में हुआ बड़ा हादसा; डॉगी समेत 5 की मौत
मऊ में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल पांच लोगों और एक पालतू कुत्ते की मौत हो गई. यह दुर्घटना शनिवार सुबह दोहरीघाट थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर हुई. गोरखपुर के रहने वाले विनय श्रीवास्तव का परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी के वापस वापस घर लौट रहा था, तभी ड्राइवर को नींद की झपकी आने से उनकी स्कार्पियो डिवाइडर कूदकर ट्रॉला से टकरा गई.
उत्तर प्रदेश के मऊ में बड़ा हादसा हुआ है. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई है. इस हादसे में एक पालतू कुत्ते की भी मौत हुई है. यह हादसा मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में बरसातपुर अहिरानी हाईवे पर शनिवार की सुबह करीब तीन बजे का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है.
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय ठाकुर रमाशंकर लाल श्रीवास्तव, कृतार्थ श्रीवास्तव (27 वर्ष) पुत्र विनय श्रीवास्तव, अर्चना श्रीवास्तव (48 वर्ष) पत्नी विनय श्रीवास्तव, निवासी ग्राम रानीडीहा, थाना खोराबार, गोरखपुर के रूप में हुई है. वहीं इनके साथ गाड़ी में बैठे रविन्द्र यादव (20 वर्ष) पुत्र नंदलाल और पुरुषोत्तम कुमार (28 वर्ष) पुत्र रामप्यारे यादव, निवासी मटीहानि, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है.
नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक विनय श्रीवास्तव की बेटी की शादी रांची में थी. शादी संपन्न होने के बाद वह स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर अपने घर गोरखपुर आ रहे थे. इनकी गाड़ी में ही रविंद्र यादव और पुरुषोत्तम भी बैठे थे. सुबह करीब 3:00 बजे जैसे ही इनकी गाड़ी वाराणसी गोरखपुर हाईवे पर आई, अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते इनकी गाड़ी डिवाइडर कूद कर दूसरी तरफ सामने से आ रहे एक ट्रॉला से टकरा गई.
टक्कर की आवाज से दहशत
दोनों गाड़ियों में टक्कर जबरदस्त थी. इस टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनी गई. पास के गांवों में सो रहे लोग भी इस आवाज को सुनकर चौंक गए. लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी. पुलिस के मुताबिक गाड़ी में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. इस हादसे में विनय श्रीवास्तव का कुत्ता भी मारा गया है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
