क्या आकांक्षा की हो पाएगी शहबाज से शादी? वायरल शादी के कार्ड पर मेरठ में बवाल, पुलिस की हुई एंट्री
मेरठ में आकांक्षा गौतम और शहबाज राणा की शादी का कार्ड वायरल होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. लड़की के चाचा ने इसे 'लव जिहाद' बताते हुए FIR दर्ज कराई है. हिंदू संगठनों ने भी शादी रोकने की मांग की है. हालांकि, आकांक्षा और उसकी मां ने इसे आपसी सहमति और दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई शादी बताया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश का जिला मेरठ अक्सर सुर्खियों में रहता है. अब इस शहर की चर्चा एक शादी को लेकर हो रही है. यह शादी हिंदू परिवार की लड़की आकांक्षा गौतम और मुस्लिम परिवार के लड़के शहबाज राणा की होनी है. इसके लिए 13 फरवरी 2026 की तिथि तय है. इस शादी और वलीमा का कार्ड सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस शादी को लेकर कुछ हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है. वहीं लड़की के चाचा ने खुद थाने पहुंच कर लव जिहादा का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है.
युवती के चाचा प्रेमचंद ने मेरठ के थाना गंगानगर में दिए अपने तहरीर में आरोप लगाया गया है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर उनकी भतीजी को जाल में फंसाया और शादी के लिए तैयार किया है. उन्होंने इसके पीछे संपत्ति हड़पने की साजिश भी बताया है. उन्होंने अपनी तहरीर में भतीजी की सुरक्षा की भी चिंता जताई है. पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उधर, लड़की ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. कहा कि वह शहबाज उर्फ साहिल को पिछले छह वर्षों से जानती है और उसके धर्म व असली नाम से वाकिफ है.
खुद को बताया अंबेडकरवादी
लड़की ने खुद को अंबेडकरवादी बताते हुए कहा कि यह शादी उसकी मर्जी और दोनों परिवारों की सहमति से हो रही है. बावजूद इसके, विवाद पैदा कर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है. लड़की की मां ने भी इस शादी का समर्थन किया है. कहा कि दोनों परिवारों के बीच पुराने संबंध हैं. इस शादी में दोनों परिवारों की सहमति है. हालांकि लड़की के चाचा ने इसे साजिश करार देते हुए हंगामा खड़ा कर दिया है.
हिंदू संगठन ने भी खोला मोर्चा
विवाद की शुरुआत दूल्हे का नाम शादी और वलीमे के कार्ड पर अलग अलग होने पर शुरू हुआ. देखते ही देखते यह दोनों कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. इसके बाद अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने इसे लव जिहाद बताते हुए शादी नहीं होने देने का ऐलान किया है. कहा कि वलीमे के कार्ड पर युवक का नाम ‘शहवाज राणा’ और शादी के कार्ड पर ‘साहिल’ लिखा गया है. उन्होंने इस संबंध में सीएम योगी से भी हस्तक्षेप की मांग की है.
इलाके में तनाव की स्थिति
हिंदू संगठन के विरोध के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. सोशल मीडिया पर इस विवाह को लेकर लगातार पोस्ट और वीडियो सामने आ रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी अब हरकत में आ गया है. पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इसी के साथ सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी नजर रखी जा रही है.
