नीले ड्रम वाली मुस्कान से मृतक सौरभ के भाई ने कहा- नरक तक तेरा पीछा नहीं छोड़ेंगे

मेरठ अदालत में मुस्कान और साहिल को सवाल-जवाब के लिए पेश किया गया. इस दौरान धारा 313 के तहत उनके बयान दर्ज किए जाएंगे. यह प्रक्रिया तकरीबन 2 घंटे तक चल सकती है.इस बीच मृतक सौरभ के भाई ने मुस्कान से कहा कि नरक तक तेरा पीछा नहीं छोड़ेंगे.

मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान और साहिल की पेशी Image Credit:

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड मामले की आज सुनवाई हुई. आरोपी मुस्कान और साहिल को मेरठ अदालत में पेश किया गया. मुस्कान अपने बच्चे के साथ कोर्ट पहुंची थी. साहिल भी मुंह छिपाकर कोर्ट आया था. इस दौरान मृतक सौरभ के भाई ने मुस्कान से कहा कि नरक तक तेरा पीछा नहीं छोड़ेंगे. सौरभ हत्याकांड में अबतक अदालत में 22 गवाहियां हो चुकी हैं.

अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देने का आखिरी मौका

अब उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपों के आधार पर मुस्कान और साहिल से सवाल किया जाएगा. इस दौरान धारा 313 के तहत उनके बयान दर्ज किए जाएंगे. यह प्रक्रिया तकरीबन 2 घंटे तक चल सकती है. मुस्कान और साहिल के पास अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देने और अपना पक्ष रखने का आखिरी अवसर है. संभावना जताई जा रही है कि इसी माह इस चर्चित मामले में अदालत बड़ा फैसला सुना सकती है.

तीन दिन से उपवास पर है मुस्कान

मेरठ के चौधरी चरण सिंह जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान पिछले तीन दिनों से उपवास पर है. हालांकि वह अधिक समय तक व्रत रखना चाहती थी, लेकिन जेल नियमों के कारण इसकी अनुमति नहीं दी गई. बीती रात उसने जेल में रामायण का पाठ भी किया.

रामचरितमानस का पाठ कर रही मुस्कान

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी सांसद अरुण गोविल द्वारा कारागार में भेंट की गई रामचरितमानस मुस्कान को दी गई थी, जिसका वह नियमित रूप से पाठ कर रही है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि वह आने वाले निर्णय को लेकर वह काफी तनाव में है और धार्मिक आस्था के जरिए मानसिक शांति तलाश रही है.

खेती-बाड़ी में खुद को व्यस्त रख रहा साहिल

वहीं साहिल जेल परिसर में खेती-बाड़ी के कार्यों में खुद को व्यस्त रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसका शांत स्वभाव और चेहरे पर गंभीरता यह दर्शा रही है कि वह भी फैसले को लेकर दबाव महसूस कर रहा है. बीती रात वह लंबे समय तक ध्यान की मुद्रा में बैठा रहा.

फैसले को लेकर गहरी चिंता में हैं मुस्कान और साहिल

सूत्रों के मुताबिक जेल में प्रतिदिन आने वाले अखबार दोनों अपनी बैरक में मंगवाकर पढ़ रहे हैं. साथ ही अपने मामले से जुड़ी खबरों पर नजर बनाए हुए हैं. जानकारी के अनुसार, मुस्कान ने जेल प्रशासन से यह भी पूछा है कि यदि फैसला प्रतिकूल आता है तो आगे कानूनी सलाह कहां से ली जा सकती है. इससे माना जा रहा है कि मुस्कान और साहिल दोनों आने वाले फैसले को लेकर गहरी चिंता में हैं.

Follow Us