आई-फोन लेने के बाद रेप केस, फिर 5 लाख का डिमांड… परेशान होकर प्रेमी ने सीने में मार ली गोली
मेरठ के सरधना में एक युवक का शव गोली लगने से मिला. पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या मान रही है. परिजनों का आरोप है कि एक युवती द्वारा दर्ज झूठे दुष्कर्म के मुकदमे और समझौते के नाम पर पैसे के दबाव से वह गहरे मानसिक तनाव में था, जिससे उसने यह कदम उठाया.
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक युवक का गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक के पास एक तमंचा भी बरामद हुआ है. पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है. परिजनों का आरोप है कि एक युवती द्वारा दर्ज कराए गए दुष्कर्म मुकदमे और समझौते के नाम पर बनाए जा रहे कथित दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहल्ला जोगियान निवासी 23 वर्षीय साकिब पुत्र सैफुद्दीन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि साकिब का एक युवती से प्रेम प्रसंग था. कुछ समय पहले युवती ने साकिब और उसके दो भाइयों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था. ऐसे में परेशान होकर साकिब ने खुद को गोली मार ली, जो उसके सीने में लगी.
नंगला आर्डर गांव के पास पड़ा मिला था शव
परिवार का दावा है कि साकिब ने हाल में युवती को एक महंगा आईफोन भी उपहार में दिया था. इसके कुछ दिन बाद 10 जून को युवती ने उसपर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया जिसमें उसके भाई का भी नाम है. इसके बाद कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग की. आरोप है कि इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते उसने मौत को चुन लिया.
बताया जा रहा है कि घटना से पहले साकिब ने अपने एक दोस्त को फोन कर इस बारे में बताया था. दोस्त ने ही परिजनों को सूचित किया और फिर उन्होंने पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस बताई गई लोकेशन पहुंची तो सरधना-अटेरना मार्ग पर नंगला आर्डर गांव के पास साकिब का शव पड़ा मिला. उसके सीने के बाईं ओर गोली लगने का निशान था.
युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम
युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मच गया. परिजन युवक की मौत के लिए युवती और उसके परिजनों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों से भी एक तहरीर प्राप्त हुई है. सभी पहलू पर जांच की जा रही है. यदि कोई दोषी हुआ तो उस पर कठोर कार्यवाही की जाएगी.