शिक्षक MLC चुनाव: सपा उम्मीदवार संजयन त्रिपाठी के समर्थन में उतरे बीजेपी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, क्या घर वापसी करेंगे?

गोरखपुर शिक्षक एमएलसी सीट पर बीजेपी में बड़ा उलटफेर सामने आया है. अपने ही पार्टी MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने बगावती रुख अपना लिया है. वह खुलकर सपा उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं और शिक्षकों से भी सपा को वोट देने की अपील की है.

देवेंद्र प्रताप सिंह (फाइल फोटो)

गोरखपुर शिक्षक MLC सीट पर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पार्टी के विधान परिषद सदस्य (MLC) देवेंद्र प्रताप सिंह ने एमएलसी चुनाव से ठीक पहले बीजेपी के खिलाफ बगावती रुख अपना लिया है. इतना ही नहीं, उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी के समर्थन में खुल कर सामने आ गए हैं और शिक्षकों से सपा को वोट करने की अपील की है.

बीजेपी MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर शिक्षकों के नाम हाथ से लिखा एक पत्र भी साक्षा किया था. इसमें उन्होंने शिक्षक और प्रतियोगी युवाओं को अपना परिवार बताया. साथ ही कहा कि न्याय के लिए उनके संघर्ष को अपमानित किया गया है. देवेंद्र प्रताप सिंह ने विधान परिषद चुनाव में अन्याय और अपमान के खिलाफ वोट देने की अपील की.

देवेंद्र प्रताप सिंह ने क्यों दिखाए बगावती तेवर

देवेंद्र प्रताप सिंह, बीजेपी के एक कार्यक्रम में मंच पर जगह नहीं देने के बाद से बागी हो गए हैं. दरअसल, 12 अक्टूबर को गोरखपुर में बीजेपी की ओर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. आरोप है कि कार्यक्रम में देवेंद्र प्रताप सिंह को कथित तौर पर मंच पर स्थान नहीं दिया गया था. इसके कुछ देर बाद उन्होंने फेसबुक पोस्ट कर इसे अपने अपमान बताया.

गोरखपुर स्नातक सीट से चार बार के MLC

देवेंद्र प्रताप सिंह गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट से लगातार चार बार के MLC हैं. वह पहले समाजवादी पार्टी में थे. उन्होंने 1998 और 2010 में सपा के टिकट पर चुनाव जीता था. बाद में कुछ मतभेद के बाद इन्होंने अखिलेश यादव का साथ छोड़ दिया. इसके बाद वह 2015 में बीजेपी में शामिल हुए और साल 2017 और 2023 में फिर से MLC चुने गए.

क्या सपा में वापसी करेंगे देवेंद्र प्रताप सिंह?

इस बीच देवेंद्र प्रताप सिंह की घर वापसी की अटकलें भी तेज हो गई है. माना जा रहा है कि कभी सपा में रहे देवेंद्र सिंह आने वाले दिनों में एक बार फिर से अखिलेश यादव की पार्टी में शामिल हो सकते हैं. ऐसे में शिक्षक MLC सीट पर चुनाव से पहले गोरखपुर में बीजेपी का सियासी गणित बिगड़ सकता है. बीजेपी को नुकसान झेलना पड़ सकता है.

5 स्नातक, 6 शिक्षक MLC सीट पर होगा चुनाव

उत्तर प्रदेश में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र समेत कुल 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को विधान परिषद सदस्य का चुनाव होना है. जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी. स्नातक सीटों में वाराणसी, मेरठ, लखनऊ, आगरा और इलाहाबाद-झांसी खंड शामिल है. वहीं, 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वाराणसी, लखनऊ, आगरा, इलाहाबाद-झांसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट है.

गोरखपुर शिक्षक MLC सीट पर बीजेपी ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी को अपना उम्मीदवार बनाया है. जिनका मुकाबला सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह के साथ होना है. बता दें कि, सपा प्रत्याशि संजयन त्रिपाठी हाल में ही समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे. उन्होंने बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के चलते सपा का दामन थाम लिया था.

Follow Us