बच्चे को 3 बार मारी स्कूटी से टक्कर, बचाव में नाली में गिरा मासूम; CCTV में कैद हुई वारदात

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक 6 साल के बच्चे को स्कूटी सवार ने तीन बार टक्कर मारी, जिससे वह नाली में गिरकर घायल हो गया और उसकी पसलियां टूट गईं. यह दिल दहला देने वाली घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस ने आरोपी अदनान के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

सामने आया वारदात का फुटेज

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मासूम संग हैवानियत का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. यहां ट्यूशन से घर लौट रहे एक 6 साल के मासूम को एक स्कूटी सवार ने एक या दो बार नहीं, बल्कि तीन बार टक्कर मार दी. स्कूटी से बचने के लिए यह बच्चा पीछे हटा तो नाली में गिर गया. इससे उसकी पसली टूट गई है. यह पूरी वारदात घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

वारदात मेरठ में लोहिया नगर थाना क्षेत्र में जाकिर कॉलोनी का है. सूचना मिलने पर पहुंचे बच्चे के परिजनों ने आनन फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया है. डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर है, लेकिन पसलियां टूटने की वजह से उसे कुछ दिन अस्पताल में ही रहना होगा. इस संबंध में बच्चे के पिता ने लोहिया नगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है.

मजाक-मजाक में किया बड़ा कांड

जानकारी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान हो गई है. वह जाकिर कॉलोनी गली नंबर दो में रहने वाला अदनान है. एक हफ्ते पहले ही उसने स्कूटी खरीदी थी और टशन दिखाने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान रास्ते में यह बच्चा दिखा तो आरोपी ने तीन बार उसे स्कूटी से कुचलने की कोशिश की. गनीमत रही कि स्कूटी से बचाव के लिए बच्चा पीछे हट गया. इससे स्कूटी से तो वह बच गया, लेकिन नाले में गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया.

जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित बच्चे के दादा अशफाक अली के मुताबिक आरोपी अदनान इससे पहले भी दो-तीन बच्चों के साथ एक्सीडेंट कर चुका है. सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा.

Follow Us