सुभारती यूनिवर्सिटी में लाइव शो के दौरान बवाल, छात्रों में मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे
मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव शो के दौरान छात्रों में जमकर मारपीट हुई. मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. छात्रों में जमकर लात-घूंसे चलने लगे, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं.
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मौजूद सुभारती यूनिवर्सिटी में सोमवार को मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव प्रोग्राम था. लेकिन इस दौरान छात्रों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. देखते ही देखते छात्र आपस में भिड़ गए और इस दौरान छात्रों में जमकर लात-घूंसे चलने लगे.
लाइउ शो के दौरान हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस के हस्ताक्षर के बाद मामला शांत हुआ. वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई की बात कह रहा है. बताया जा रहा है कि सीटिंग और आगे खड़े होने को लेकर बहस शुरू हुई थी, जो धक्का-मुक्की के साथ मारपीट में बदल गई.
हंगामें के बाद लाइव प्रोग्राम को बीच में रोकना पड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में सीटिंग और आगे खड़े होने को लेकर कुछ छात्रों के बीच बहस हुई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह बहस झगड़े में बदल गई. कार्यक्रम का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और वहां मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं में भगदड़ जैसे हालात बन गए. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात और खराब हो गए, सभी नारेबाजी करने लगे.
इस दौरान कुछ छात्रों ने पुलिस का विरोध किया और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे. हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला और किसी तरह मामला शांत कराया. वहीं, घटना के बाद कार्यक्रम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया. इस पूरे घटना क्रम के दौरान सिंगर सुनंदा शर्मा मंच पर ही थीं.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषी छात्रों पर कार्रवाई की बात कही है. इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में देर तक तनाव का माहौल बना रहा, वहीं अभिभावकों और प्रशासन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं. पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत पर मामले में जांच शुरू कर दी है.