चिता से हड्डियां निकालीं, श्मशान में आत्माओं को बुलाने लगा शख्स… नजारा देख छूटे पसीने, पहुंची पुलिस
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक श्मशान घाट पर हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां चिता के पास तांत्रिक क्रियाएं करते एक युवक को मृतक के परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ा. युवक अजीब हरकतें कर रहा था और उसके पास मानव कंकाल जैसी चीजें मिलीं. परिजनों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया.
उत्तर प्रदेश के मेरठ के एक श्मशान में हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक चिता के पास बैठकर तंत्र-मंत्र करते एक युवक को पकड़ा गया है. लोगों ने इस युवक की पहले तो जमकर पिटाई की, फिर पुलिस बुलाकर सौंप दिया. मामला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में अछरोंडा स्थित श्मशान घाट का है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है.
परतापुर थाना पुलिस के मुताबिक मामला 4 मार्च की शाम का है. पुलिस के मुताबिक यहां इंदिरापुरम कॉलोनी में रहने वाले 58 वर्षीय गोपाल की मौत हो गई थी. परिजनों ने अछरोंडा के श्मशान घाट पर उनका दाह संस्कार किया और अपने घर लौट गए थे. कुछ समय बाद परिवार के सदस्य किसी काम से वापस श्मशान पहुंचे तो देखा कि एक युवक चिता के पास बैठकर कुछ कर रहा है.
तांत्रिक क्रिया कर रहा था युवक
परिजनों के मुताबिक श्मशान में चिता के पास नजारा हैरान करने वाला था. चिता के पास बैठा यह युवक अजीब हरकते कर रहा था. इसने मानव कंकाल जैसी चीजें इकट्ठा कर रखी थीं और मुंह से तरह तरह की आवाजें निकाल रहा था. यह देखकर मृतक गोपाल के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया. इसके बाद उसकी मौके पर ही जमकर पिटाई की, फिर पुलिस बुलाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.
जांच में जुटी पुलिस
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी के जवाब हैरान करने वाले हैं. पुलिस आरोपी से यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह श्मशान में बैठकर क्या कर रहा था. पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.